
बिलासपुर। लगातार हो रही बारिश और मौसम जनित प्राकृतिक बाधाओं को देखते हुए बिलासपुर यातायात पुलिस ने वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वाहन चालकों से सतर्कता बरतने की अपील यातायात पुलिस ने बताया कि वर्षा ऋतु में सड़कों पर फिसलन, जलभराव, कम दृश्यता तथा सड़क क्षतिग्रस्त होने जैसी परिस्थितियों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में वाहन चालकों को सुरक्षित एवं संयमित गति से वाहन चलाने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा अनावश्यक जोखिम से बचने की सलाह दी गई है। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से आईएसआई मानक का हेलमेट पहनने और हेलमेट का वाइजर साफ रखने की अपील की है। वहीं चारपहिया वाहन चालकों को हेडलाइट, वाइपर, ब्रेक एवं टायरों की नियमित जांच कर वाहन की तकनीकी स्थिति सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है। बारिश के दौरान हेडलाइट का उचित उपयोग करने तथा पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है। एडवाइजरी में कहा गया है कि जलभराव वाले मार्गों, क्षतिग्रस्त सड़कों, खुले मैनहोल तथा गड्ढों से बचकर चलें। तेज बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से परहेज करें तथा बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और लटकते विद्युत तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को तेज गति, अचानक ब्रेक लगाने और ओवरटेक करने से बचने की सलाह दी है। पैदल यात्रियों से फुटपाथ और जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने तथा सड़क पार करते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने का आग्रह किया गया है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी जलभराव वाले क्षेत्र में वाहन बंद हो जाए तो उसे बार-बार स्टार्ट करने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में वाहन से सुरक्षित बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर जाएं और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस अथवा संबंधित सहायता एजेंसियों से संपर्क करें।यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान सड़क पर किसी भी प्रकार की बाधा, दुर्घटना या आपात स्थिति दिखाई देने पर तत्काल निकटतम थाना, पुलिस कंट्रोल रूम अथवा यातायात पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि थोड़ी-सी सतर्कता और यातायात नियमों का पालन अनेक दुर्घटनाओं को टाल सकता है तथा सभी के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सकता है।
