बिलासपुर। रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जल्द ही बाइक रेंटल सेवा शुरू की जाएगी। रेलवे की इस नई पहल से यात्री स्टेशन पर उतरते ही किराये की बाइक लेकर शहर के विभिन्न स्थानों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
सुबह 9 से रात 9 बजे तक किराये पर मिलेंगी बाइक, हेलमेट भी होगा अनिवार्य
यह सुविधा प्रारंभिक तौर पर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक उपलब्ध रहेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार बाइक किराये पर लेने के लिए यात्री को आधार कार्ड एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत करना होगा। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक बाइक के साथ हेलमेट उपलब्ध कराया जाएगा। स्टेशन परिसर में ही बाइक रेंटल काउंटर स्थापित किया जाएगा, जहां से पूरी प्रक्रिया संचालित होगी। जानकारी के अनुसार किराया घंटे या पूरे दिन के आधार पर निर्धारित किया जाएगा। संचालन की जिम्मेदारी रेलवे द्वारा चयनित वैध लाइसेंसधारी एजेंसी को सौंपी जाएगी। फिलहाल इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जल्द ही सेवा शुरू होने की संभावना है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन प्रदेश के प्रमुख रेलवे जंक्शनों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री पहुंचते हैं। इनमें रायगढ़, अंबिकापुर, पेंड्रा, अनूपपुर, जांजगीर-चांपा, रायपुर सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। ऐसे यात्रियों को शहर में आवागमन के लिए ऑटो और टैक्सी पर निर्भर रहना पड़ता है। बाइक रेंटल सेवा शुरू होने से उन्हें कम खर्च, कम समय और अधिक सुविधा के साथ अपने गंतव्य तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा। रेलवे का मानना है कि यह सुविधा विशेष रूप से युवा यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यावसायिक यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। साथ ही शहर में सार्वजनिक परिवहन पर दबाव भी कुछ हद तक कम होगा।
