बिलासपुर। कांवड़ यात्रा के दौरान शहर में जगह-जगह लगे सेवा शिविरों और भंडारों का उदाहरण देते हुए कैट बिलासपुर अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह ने शहरवासियों से स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने और ‘लोकल फॉर वोकल’ को बढ़ावा देने की अपील की है।
हीरानंद जयसिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा में करोड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और रास्तों में अनेक स्थानों पर भंडारे एवं सेवा शिविर लगाए गए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कहीं फ्लिपकार्ट या अमेजॉन का पंडाल अथवा भंडारा दिखाई दिया? उनके अनुसार, अधिकांश सेवा शिविर स्थानीय व्यापारियों और शहरवासियों द्वारा लगाए गए थे।
उन्होंने कहा कि जब स्थानीय दुकानदार और व्यापारी समाज के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं, तो खरीदारी के समय भी स्थानीय बाजार और दुकानदारों को प्राथमिकता देनी चाहिए। स्थानीय दुकानदार से सामान खरीदने पर जरूरत के समय वह अपने ग्राहक को सहयोग और कई बार उधार की सुविधा भी देता है, जबकि ऑनलाइन कंपनियों से इस तरह के व्यक्तिगत संबंध की अपेक्षा नहीं की जा सकती।
जयसिंह ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक ऑनलाइन शॉपिंग से बचें और जरूरत का सामान अपने शहर के दुकानदारों से खरीदें। इससे स्थानीय व्यापार को मजबूती मिलेगी, पैसा स्थानीय अर्थव्यवस्था में रहेगा और शहर के व्यापारियों के साथ-साथ रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह केवल खरीदारी का विषय नहीं, बल्कि अपने शहर और स्थानीय व्यापारियों के प्रति जिम्मेदारी का भी विषय है। उन्होंने नागरिकों से अपने संदेश पर ध्यान देने और इसे व्यवहार में उतारने की अपील की।
— हीरानंद जयसिंह
अध्यक्ष, कैट बिलासपुर
