– सुरेश सिंह बैस
जांजगीर-चांपा। नाग पंचमी के मौके पर अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ीदलहा पहाड़ में लगा ऐतिहासिक मेला इस बार सिर्फ आस्था का केंद्र नहीं रहा, बल्कि पुलिस के लिए भीड़ के बीच सुरक्षा का बड़ा ऑपरेशन साबित हुआ। करीब एक लाख श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच जांजगीर-चांपा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त रखा। मेले में युवकों के हाथों में पहने करीब 5500 भारी स्टील के कड़े उतरवाकर जमा कराए गए। जांच के दौरान कुछ युवकों के पास हाथ में पहनने वाले पंचनुमा स्टील के हथियार भी मिले, जिन्हें पुलिस ने तत्काल अपने कब्जे में लिया।भीड़ में संभावित मारपीट और हमले की आशंका को देखते हुए पुलिस ने भारी और मजबूत स्टील के कड़ों को सुरक्षा के लिहाज से हटवाया। इसी दौरान मेले में अलग-अलग लोगों द्वारा पाकेट, बैग और झोलों में छिपाकर लाई जा रही करीब 150 पाव देशी प्लेन और अंग्रेजी शराब भी जब्त की गई।
एक लाख की भीड़, हर गतिविधि पर नजर
पोड़ी दल्हा पहाड़ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा का बहुस्तरीय इंतजाम किया था। जमीन पर पुलिस की टीमों की लगातार पेट्रोलिंग चलती रही, वहीं ड्रोन कैमरे और क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों से भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी गई।पुलिस की नजर खासतौर पर ऐसे युवकों और संदिग्ध गतिविधियों पर रही।
“बिलासपुर से कोरबा तक आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था
मेले में सिर्फ भीड़ नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में वाहन भी पहुंचे। बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर, बलौदा सहित अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था की गई।यातायात पुलिस ने वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के साथ पार्किंग व्यवस्था पर भी ध्यान दिया। इसके चलते श्रद्धालुओं की आवाजाही और वाहनों के आवागमन को सुचारू बनाए रखा गया।
ASP से SDOP तक अफसरों ने संभाली निगरानी
पूरे सुरक्षा इंतजाम की कमान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में रही। ASP डॉ. युलैण्डन यार्क, ASP यातायात उदयन बेहार और SDOP अकलतरा डॉ. मे खेलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने मेले की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण की कार्रवाई संभाली।मेले में पुलिस की तैनाती, लगातार पेट्रोलिंग, ड्रोन और CCTV निगरानी, संदिग्धों की जांच, स्टील के भारी कड़े और पंचनुमा वस्तुओं को हटाने की कार्रवाई, शराब की जब्ती तथा यातायात प्रबंधन इन सभी मोर्चों पर पुलिस सक्रिय रही।पुलिस के मुताबिक सुरक्षा व्यवस्था के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई और करीब एक लाख श्रद्धालुओं की मौजूदगी वाला आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
