बिलासपुर। “Tribute to the Legendary Singers” कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन गुरुवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में किया गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब सचिव संदीप करिहार, सह-सचिव हरिकिशन गंगवानी एवं पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गहवई प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
यह संगीतमय कार्यक्रम 22 अगस्त 2026 को लखीराम ऑडिटोरियम, बिलासपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में शहर की 14 वर्षीय प्रतिभाशाली एवं ‘वायरल सिंगर गर्ल’ कनक साहू अपनी आवाज में किशोर कुमार, लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, आशा भोसले और मुकेश जैसे महान गायकों के सदाबहार नगमे प्रस्तुत कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगी।
लाइव बैंड के साथ सजेगी सुरों की महफिल
KM Production एवं कनक मेलोडी ग्रुप द्वारा आयोजित कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से रात 11:30 बजे तक चलेगा। कनक साहू के साथ स्थानीय कलाकार भी लाइव बैंड के साथ प्रस्तुतियां देंगे। आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम के माध्यम से संगीत के स्वर्णिम दौर के महान गायकों के अमर गीतों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
छोटी उम्र में बनाई बड़ी पहचान
कनक साहू ने महज छह वर्ष की उम्र से गायन की शुरुआत की और अपनी प्रतिभा से प्रदेश में पहचान बनाई। सोशल मीडिया पर उनके गीतों को करीब 6 करोड़ व्यूज मिल चुके हैं और उनके 85 हजार से अधिक फॉलोवर्स हैं। उन्हें CG Idol, Voice of Chhattisgarh एवं Chhattisgarh Ratna Award से भी सम्मानित किया जा चुका है।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर उपस्थित प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने कनक साहू एवं आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन शहर की प्रतिभाओं को मंच देने के साथ संगीत की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं
