छात्रसंघ चुनाव बहाली के लिए करेंगे प्रयास, जल्द घोषित करेंगे नई जिला टीम
बिलासपुर। एनएसयूआई में संगठनात्मक बदलाव के तहत रंजेश सिंह क्षत्री को बिलासपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति के बाद रंजेश सिंह शुक्रवार को मां महामाया देवी के दर्शन के लिए रतनपुर पहुंचे। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसका वे पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निर्वहन करेंगे। स्कूलों और कॉलेजों में छात्रों को होने वाली समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाई जाएगी और उनके निराकरण के लिए अधिकारियों से लेकर शासन स्तर तक पहल की जाएगी।
रंजेश सिंह ने कहा कि कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव बंद होने के बाद अफसरशाही हावी हो गई है। अधिकारियों की मनमानी के कारण छात्र-छात्राओं को परीक्षा प्रवेश से लेकर परीक्षा परिणाम तक कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि छात्रों की इन समस्याओं को लेकर एनएसयूआई लगातार मुखर रहेगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी किए जाएंगे।
आम गरीब परिवार के बच्चों को सामान शिक्षा के अधिकार से वंचित कर उन्होंने आरटीई को नर्सरी से हटाने और अंग्रेजी माध्यम में नर्सरी कक्षा बंद करने जैसे मुद्दे पर मुहीम छेड़ने, साथ ही प्रदेश में बंद छात्रसंघ चुनाव को दोबारा बहाल कराने के लिए प्रयास करने की बात कही। उनका कहना है कि छात्रसंघ चुनाव से कॉलेजों में छात्र नेतृत्व विकसित होता है और विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं प्रभावी ढंग से रखने का मंच मिलता है। चुनाव बहाल होने से छात्रों की समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से सुनेंगे और उनका समय पर निराकरण भी हो सकेगा।
रंजेश सिंह ने बताया कि जल्द ही एनएसयूआई ग्रामीण की नई टीम का गठन कर उसकी घोषणा की जाएगी।

