बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम लिमतरा के ग्रामीणों पर गुरुवार रात ग्राम रलिया के पास घात लगाकर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में 38 वर्षीय जीवन मेहर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ग्रामीण घायल हो गए। घायलों का मस्तूरी के अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक का शव सिम्स अस्पताल में रखा गया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम लिमतरा निवासी जीवन मेहर गुरुवार शाम करीब 5 बजे हीरालाल यादव (50), राकेश बरगाह (28) और मुकेश पटेल (38) के साथ आवारा मवेशियों को दलहा पहाड़ के जंगल में छोड़ने के लिए गए थे। रात करीब 8:30 बजे मवेशियों को जंगल में छोड़ने के बाद चारों दो मोटरसाइकिलों से वापस अपने गांव लौट रहे थे।बताया जा रहा है कि जैसे ही वे ग्राम रलिया के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे करीब 6 से 8 लोगों ने अचानक उनका रास्ता रोककर हमला कर दिया। हमले में चारों ग्रामीण घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल जीवन मेहर को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने जीवन मेहर के सिर पर लोहे की रॉड और डंडों से बेरहमी से वार किए, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आवारा मवेशियों को जंगल में छोड़ने को लेकर लिमतरा और रलिया गांव के कुछ लोगों के बीच पहले से विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, हमले के वास्तविक कारणों और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
## डीएसपी सुदीप सरकार ने बताया कि मवेशियों को लेकर हुए विवाद के दौरान मारपीट की घटना हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस घायलों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है तथा हमलावरों की पहचान के साथ घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस द्वारा मामले में आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भी आक्रोश और भय का माहौल है।
