बिलासपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र गांधी , राष्ट्रीय सचिव राजू सलूजा, प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप खेंडेलवाल, सुरेंद्र अजमानी, बिलासपुर जिला अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह, कार्यकारि अध्यक्ष संजय मित्तल, महामंत्री अनिल राघवानी , कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल , संगठन महामंत्री परमजीत उबेजा , प्रमोद वर्मा, प्रवीण सलूजा , हरदीप होरा, विष्णु गुप्ता ने बताया कि कैट छत्तीसगढ़ एवं आयकर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 2 सितंबर 2026 (बुधवार) को बिलासपुर में एक भव्य “व्यापारी कर संवाद” (कार्यशाला) का आयोजन किया जा रहा है। ‘एक प्रदेश, एक दिन, एक संवाद’ की थीम पर आधारित यह विशेष कार्यक्रम होटल सैफरन, टेलीफोन एक्सचेंज रोड, पुराना बस स्टैंड में आयोजित होगा। कार्यक्रम का समय शाम 3:30 बजे से 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिसके समापन पर हाई-टी (High Tea) का भी प्रबंध रहेगा।
कैट बिलासपुर के जिला अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि व्यापारियों को टैक्स नियमों के प्रति जागरूक करने, नए प्रावधानों की सही जानकारी देने और उनकी व्यापारिक समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में एक साथ विभिन्न जिलों में इस विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। बिलासपुर का यह संवाद स्थानीय व्यापारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।श्री जयसिंह ने आगे बताया कि इस गरिमामयी कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में श्री लैजू जैकब (ACIT-1 (1), बिलासपुर, आयकर विभाग, छत्तीसगढ़) उपस्थित रहेंगे। उनके साथ ही विभाग के वरिष्ठ आयकर अधिकारी श्री प्रभु दयाल सिंह एवं श्री सुनील कुमार सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान ये वरिष्ठ अधिकारी सीधे व्यापारियों से रूबरू होंगे और टैक्स से जुड़ी बारीकियों पर उनका मार्गदर्शन करते हुए उनकी शंकाओं का समाधान करेंगे।कैट बिलासपुर के जिला अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह ,कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, संगठन महामंत्री परमजीत उबेजा एवं कैट परिवार ने बिलासपुर के सभी व्यापारी संगठनों, पदाधिकारियों और व्यापारी बंधुओं से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण “व्यापारी कर संवाद” में अधिक से अधिक संख्या में समय पर उपस्थित होकर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।
