खाटू श्याम का भव्य दरबार सजाया गया जिसमें देर रात तक गूंजे भजन, 12 बजे हुआ श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव
रायपुर। “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की… हाथी घोड़ा पालकी…” के जयघोष से श्री दुर्गा माता मंदिर, मढ़ी लिली चौक, पुरानी बस्ती रायपुर का पूरा परिसर कृष्णमय हो उठा। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी श्री दुर्गा माता मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी महापर्व बड़े ही हर्षोउल्लास, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम महंत सतगुरु अनंतपुरी गोस्वामी जी के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ।
जन्माष्टमी को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की चहल-पहल शुरू हो गई थी। मंदिर को भव्य रूप से से सजाया गया था। माता के दरबार में खाटू नरेश श्याम बाबा का भव्य दरबार सजाया गया, जिसकी सुंदरता देखते ही बन रही थी। दरबार की भव्य सजावट ने ऐसा वातावरण बनाया कि श्रद्धालुओं को मानो खाटू धाम में श्याम बाबा के साक्षात दरबार में दर्शन हो रहे हों।
विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात भजन संध्या का शुभारंभ हुआ। अलग-अलग शहरों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी मधुर अमृतवाणी से भगवान श्रीकृष्ण, खाटू श्याम बाबा एवं सिंधी भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। दीपक उदासी, किशोर उदासी, प्रदीप प्यासी, इंद्रलाल, पवन चावला, तुषार कुमार, राहुल सहित अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। रात 8 बजे से शुरू हुआ भजनों का सिलसिला अमृतवेला तक चलता रहा।
विधि-विधान से हुआ लड्डू गोपाल का अभिषेक
रात्रि 11 बजे से 12 बजे तक पंडित कमल महाराज, पंडित संतु महाराज, पंडित सोनू महाराज पंडित दक्ष महाराज सहित अन्य पंडितों द्वारा विधि-विधान से लड्डू गोपाल की पूजा-अर्चना कराई गई। भगवान का पंचामृत स्नान कराया गया, नवीन वस्त्र धारण कराए गए, तिलक लगाया गया और विधिवत आरती संपन्न हुई।
जैसे ही घड़ी की सुई ने रात्रि 12 बजे का समय पूरा किया, मंदिर परिसर “जय श्रीकृष्ण”, “नंद के आनंद भयो” के जयघोष से गूंज उठा। शंखनाद और भक्तों के जयकारों के बीच भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। बैंड-बाजे के साथ मंगल गीत गाए गए और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
महंत अनंतपुरी गोस्वामी ने फोड़ी मटकी, भक्तों को खिलाया माखन
जन्मोत्सव के पश्चात महंत सतगुरु अनंतपुरी गोस्वामी जी ने मटकी फोड़कर भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का सुंदर स्मरण कराया। भक्तों को माखन का प्रसाद खिलाया गया। इस अवसर पर छोटे-छोटे बच्चे बाल गोपाल के रूप में सजकर पहुंचे, जो सभी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
भक्तों द्वारा महंत सतगुरु अनंतपुरी गोस्वामी जी का भी विशेष श्रृंगार किया गया और उन्हें भगवान श्रीकृष्ण का स्वरूप प्रदान किया गया। इस दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं का कहना था कि यदि भक्ति और लगन सच्ची हो, तो ईश्वर हर रूप और हर इंसान में दिखाई देते हैं।
विश्व कल्याण की प्रार्थना, भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सामूहिक आरती की गई तथा विश्व कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई। महंत सतगुरु अनंतपुरी गोस्वामी जी ने सभी श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
इसके पश्चात भक्तों के लिए प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
सोशल मीडिया पर हजारों लोगों ने देखा सीधा प्रसारण
जन्माष्टमी के इस भव्य आयोजन का सोशल मीडिया के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया गया। मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ-साथ हजारों लोगों ने घर बैठे कार्यक्रम का आनंद लिया।
पूरे आयोजन को सफल बनाने में श्री दुर्गा माता मंदिर मढ़ी रायपुर के सभी सेवादारों का विशेष योगदान रहा। आयोजन की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को ‘हमर संगवारी’ की टीम ने विशेष रूप से कवर किया। ‘हमर संगवारी’ के संपादक, विजय दुसेजा,बिलासपुर से रायपुर पहुंचकर पूरे कार्यक्रम में उपस्थित रहे और जन्माष्टमी महापर्व की भव्यता को अपने समाचार माध्यम से पाठकों एवं दर्शकों तक पहुंचाया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का ऐसा संगम देखने को मिला कि देर रात तक पूरा वातावरण “जय श्रीकृष्ण” और “जय श्याम बाबा” के जयकारों से गूंजता रहा।
