– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। रेल यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह की दो महिला सदस्यों को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 5 लाख 40 हजार रुपए मूल्य के चोरी किए गए सोने के जेवरात बरामद किए हैं। मामले में गिरोह की एक अन्य महिला सदस्य फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, चोरी की यह वारदात करीब डेढ़ माह पूर्व अंबिकापुर-शहडोल एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में हुई थी। बताया गया कि गिरोह की तीन महिलाओं ने एक महिला यात्री को योजनाबद्ध तरीके से घेर लिया और धक्का-मुक्की का नाटक करने लगीं। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर नागपुर रोड स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय महिला यात्री के हैंडबैग से सोने के कीमती जेवर चोरी कर लिए गए। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने ट्रेन एवं स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्ध महिलाओं के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित रूप से चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के जेवरात बरामद कर लिए गए।मामले में गिरोह की तीसरी सदस्य रितु उर्फ संतोषी बसोड़ फरार बताई जा रही है। जीआरपी की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।
520 नग प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
इधर, नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कफ सिरप की अवैध बिक्री के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप, एक कार और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद कफ सिरप की अनुमानित कीमत 1 लाख 4 हजार 780 रुपए है।
जानकारी के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 को सरकंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार के माध्यम से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिरकोना रोड स्थित गैस गोदाम के पास घेराबंदी की।
इस दौरान पुलिस ने काले रंग की कार क्रमांक CG 04 QD 9753 को रोककर तलाशी ली। कार की डिक्की से 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद किया गया, जिसका कुल वजन करीब 85.02 किलोग्राम बताया गया है।पूछताछ के दौरान आरोपी प्रतिबंधित कफ सिरप रखने एवं उसकी बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने कफ सिरप के साथ कार और तीन मोबाइल फोन जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथुन बघेल (28 वर्ष), निवासी ग्राम भुंडा, थाना कोटा तथा अमन कुमार चौबे (26 वर्ष), निवासी गनियारी बाजारपारा, थाना कोटा के रूप में की गई है।पुलिस के अनुसार, मामले में राजा भोई और नीरज पटेल फरार हैं। उन पर गिरफ्तार आरोपियों को बिक्री के लिए प्रतिबंधित कफ सिरप उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस दोनों फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया है।
