बिलासपुर। गणेश उत्सव को लेकर शहर में चारों ओर भक्ति और उत्साह का माहौल है। विभिन्न स्थानों पर आकर्षक पंडालों और भगवान श्री गणेश की मनमोहक प्रतिमाओं के साथ श्रद्धालुओं को कुछ नया और अनोखा देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में ब्रह्माकुमारीज़ हेमूनगर के द्वारा इस वर्ष एक विशेष चैतन्य झांकी सजाई गई है, जो श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
पुराना पावर हाउस स्थित होटल रेड डायमंड के सामने सजाई गई इस झांकी में श्री गणेश जी रिद्धि-सिद्धि के साथ विराजमान हैं। झांकी में भगवान शिव के शिवलिंग को भी विशेष रूप से दर्शाया गया है। शाम 6 बजे से रात 9:30 बजे तक श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर झांकी के दर्शन कर श्री गणेश जी की आरती में शामिल हो रहे हैं।
ब्रह्माकुमारी लता बहन जी ने बताया कि परमात्मा पिता शिव की प्रेरणा से इस बार कुछ नया करने का प्रयास किया गया है। चैतन्य झांकी के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश देने के साथ श्री गणेश जी के स्वरूप और उनके गुणों को समझाने का प्रयास किया गया है। श्री गणेश को विघ्नहर्ता माना जाता है और किसी भी शुभ कार्य से पहले उनका स्मरण किया जाता है। रिद्धि-सिद्धि के साथ विराजमान भगवान गणेश श्रद्धालुओं को ज्ञान, प्रेम, पवित्रता और शुभ संकल्पों की प्रेरणा दे रहे हैं।
ब्रह्माकुमारी उमा बहन ने बताया कि झांकी का उद्देश्य केवल आकर्षण पैदा करना नहीं, बल्कि लोगों को आध्यात्मिक संदेश देना भी है। परमपिता शिव की स्मरण में रहकर ज्ञान और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा इस आयोजन के माध्यम से दी जा रही है।
इस सेवा कार्य में ब्रह्माकुमारी भाइयों एवं बहनों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। झांकी 18 सितंबर को अंतिम दिन रहेगी। ब्रह्माकुमारी बहनों ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि जिन्होंने अभी तक इस चैतन्य झांकी के दर्शन नहीं किए हैं, वे परिवार सहित पहुंचकर श्री गणेश जी के रिद्धि-सिद्धि सहित दर्शन का लाभ अवश्य लें।
इसी क्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ पहुंची विमला उभरानी जी ने कहा कि मानो हम स्वर्ग में पहुंच गए है। वहीं महेश उभरानी जी ने कहा कि हमारी तपस्या सफल हुई, इस आयोजन से हमे साक्षात गणेश जी के दर्शन हुवे, हमारे भाग्य धन्य हो गए। हमर संगवारी के संपादक विजय दुसेजा एवं गोविंद दुसेजा ने भी झांकी स्थल पहुंचकर श्री गणेश जी के दर्शन किए तथा पूजा-अर्चना कर श्री गणेश जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
