बिलासपुर। नामी कंपनियों के ब्रांड का उपयोग कर कथित डुप्लीकेट सामान की बिक्री किए जाने की शिकायत पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शुक्रवार को चांटीडीह रामायण चौक स्थित माधव ट्रेडर्स में छापेमार कार्रवाई की। यह कार्रवाई हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की शिकायत के आधार पर की गई।
शिकायत मिलने के बाद विभागीय टीम माधव ट्रेडर्स पहुंची और दुकान में उपलब्ध विभिन्न उत्पादों की जांच की। कार्रवाई के दौरान टीम ने सर्फ एक्सेल, बुक ब्रांड की ताजा चाय पत्ती, इनो सहित अन्य उत्पादों के सैंपल लिए तथा संबंधित सामग्री को जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित किया।
जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी वास्तविक स्थिति
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी, बिलासपुर ने बताया कि हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की ओर से विभिन्न ब्रांडों के डुप्लीकेट सामान को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर माधव ट्रेडर्स में जांच कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान विभिन्न उत्पादों के सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित उत्पादों में किसी प्रकार की अनियमितता या डुप्लीकेट सामग्री पाई गई है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संचालक ने कहा—बिल और दस्तावेज अधिकारियों को सौंपे
वहीं माधव ट्रेडर्स के संचालक मनोहर लाल वाधवानी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वे पिछले कई वर्षों से व्यापार विहार स्थित संतोष जनरल स्टोर से सामान की खरीदी करते आ रहे हैं। विभागीय अधिकारियों द्वारा जिन उत्पादों के सैंपल लिए गए हैं, उनसे संबंधित उपलब्ध बिल एवं अन्य दस्तावेज उन्होंने अधिकारियों को सौंप दिए हैं।
संचालक का कहना है कि उनकी ओर से किसी भी प्रकार की गलत सामग्री जानबूझकर नहीं बेची गई है। उनका कहना है कि बाजार में जिस दर पर सामान उपलब्ध होता है, उसी के अनुसार उन्होंने उसकी कीमत तय की है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
अब जांच रिपोर्ट पर टिकी नजर
माधव ट्रेडर्स में हुई कार्रवाई के बाद जब्त सामग्री और लिए गए सैंपलों की जांच की जाएगी। फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि जब्त उत्पाद असली हैं या डुप्लीकेट। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की पुष्टि या स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। विभाग की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
