बिलासपुर। राष्ट्रगीत वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर बिलासपुर में राष्ट्रीय गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 25 सितंबर शुक्रवार को सुबह करीब 10:30 बजे सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में विशेष सामूहिक वंदेमातरम् गायन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रबंध समिति के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होकर एक साथ वंदेमातरम् का गायन करेंगे। आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, मातृभूमि के प्रति सम्मान और नई पीढ़ी में राष्ट्रभावना को मजबूत करना है।
आयोजकों के अनुसार, सामूहिक गायन का यह कार्यक्रम विश्व कीर्तिमान स्थापित करने के अभियान से भी जुड़ा हुआ है। इसके माध्यम से वंदेमातरम् के ऐतिहासिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वतंत्रता संग्राम, भारतीय राष्ट्रीय चेतना और मातृभूमि के प्रति समर्पण से जुड़े इसके गौरवपूर्ण इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
विद्यालय के आचार्य ने बताया कि आयोजन में विद्यालय परिवार के साथ नागरिकों की भी सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय चेतना एवं भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
एक स्वर, एक संकल्प और राष्ट्रभावना के साथ होने वाला यह सामूहिक गायन आयोजन वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर को यादगार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
