बिलासपुर, 2 अक्टूबर 2026। बिलासपुर सराफा एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान’ के चौथा दिवस का कार्यक्रम उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती की आरती एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री सतीश श्रीवानी रहे। विशेष अतिथि के रूप में श्री भगवान बजाज, अध्यक्ष बिलासपुर इकाई छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप में समस्त राजकीय बोहरा समाज, बिलासपुर के प्रमुख श्री शकील भाई (नजमी) एवं देवकीनंदन व्यापारी संघ के अध्यक्ष श्री दयानंद तीर्थानी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री कमल सोनी ने की। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल एवं उनके देशसेवा के संकल्प से जुड़े विषयों का उल्लेख करते हुए कहा कि सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्र निर्माण में व्यापारिक समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका है। व्यापारियों को अपने व्यावसायिक हितों के साथ-साथ शहर एवं समाज के विकास से जुड़े विषयों में भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
एयर कनेक्टिविटी, परिवहन और लॉजिस्टिक्स पर हुई चर्चा
कार्यक्रम में बिलासपुर के समय विकास एवं भविष्य की आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा हुई। विमान सेवा एवं एयर कनेक्टिविटी, परिवहन व्यवस्था, रेलवे कनेक्टिविटी, लॉजिस्टिक्स तथा व्यापारिक अधोसंरचना जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। बिलासपुर एयरपोर्ट की वर्तमान स्थिति एवं भविष्य में बेहतर हवाई कनेक्टिविटी की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श हुआ।
मुख्य अतिथि श्री सतीश श्रीवानी ने अपने संबोधन में व्यापारिक एकजुटता और मजबूत संगठन को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जब व्यापारी संगठित होकर अपनी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं को एक स्वर में शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं, तो उनकी बात प्रभावी रूप से संबंधित स्तर तक पहुंचती है। उन्होंने व्यापारियों से संगठन की मजबूती बनाए रखने तथा सामूहिक हितों से जुड़े विषयों पर एकजुट होकर आगे आने का आह्वान किया।
उन्होंने बिलासपुर की व्यापारिक व्यवस्था पर चर्चा करते हुए कहा कि शहर के थोक व्यापारिक क्षेत्रों को व्यवस्थित तरीके से शहर के बाहरी क्षेत्रों की ओर विकसित करने पर विचार किया जाना चाहिए। इससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा, व्यापारिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा तथा ग्राहकों एवं व्यापारियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने परिवहन, लॉजिस्टिक्स एवं एयर कनेक्टिविटी को व्यापारिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया।
कार्यक्रम के दौरान श्री कमल सोनी ने बिलासपुर एयर कनेक्टिविटी को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शहर के विकास के लिए नियमित एवं पर्याप्त हवाई सेवाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने इस विषय पर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में श्री पंकज पाराशर, श्री राजेश शाह, श्री जितेंद्र सोनी, श्री अजय सराफ, श्री सोनक साव, श्री यशवंत वर्मा, श्री सूरज सोनी, श्री शशांक स्वर्णकार एवं श्री रवि सुल्तान सहित बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन सुश्री अलंकृता मिश्रा ने किया। आयोजन में व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं सराफा समाज के बीच आपसी समन्वय और बिलासपुर के विकास को लेकर सकारात्मक संवाद देखने को मिला।
बताया गया कि ‘सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 6 बजे आयोजित किया जा रहा है। आगामी कार्यक्रमों में भी नागरिकों एवं व्यापारियों को सादर आमंत्रित किया गया है।
