रायपुर- मुंगेली जिले में पदस्थ रहे तत्कालीन सहायक संचालक एवं जनसंपर्क अधिकारी सुजीत कुमार सिंह को लेकर चल रहा विवाद अब धरना-प्रदर्शन तक पहुंच गया है। मामले में निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए मीडिया प्रतिनिधि खेमेश्वर पुरी गोस्वामी ने नवा रायपुर स्थित तूता धरना स्थल पर एकल अनशन शुरू कर दिया है।
गोस्वामी का आरोप है कि सुजीत कुमार सिंह के मुंगेली में पदस्थ रहने के दौरान शासकीय विज्ञापनों एवं आयोजनों से जुड़े कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितताएं हुईं। इसके अलावा पत्रकारों के संबंध में कथित अमर्यादित टिप्पणियों को लेकर भी शिकायत की गई है। वर्तमान में सुजीत कुमार सिंह रायगढ़ में पदस्थ हैं।
मामले को लेकर मुंगेली के मीडिया प्रतिनिधियों ने पूर्व में कलेक्टर कार्यालय के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा था। वहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा खेमेश्वर पुरी गोस्वामी द्वारा केंद्र सरकार के लोक शिकायत निवारण पोर्टल (PM-PG Portal) पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
अनशनकारी की प्रमुख मांगों में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, आवश्यकता अनुसार उच्चस्तरीय अथवा स्वतंत्र एजेंसी से जांच, कथित अशोभनीय टिप्पणियों पर वैधानिक कार्रवाई तथा उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की अधिकृत विधि विज्ञान प्रयोगशाला से तकनीकी जांच कराना शामिल है।
गोस्वामी ने कहा कि उनका अनशन किसी व्यक्तिगत विवाद या विद्वेष के लिए नहीं, बल्कि पत्रकारों के सम्मान, प्रशासनिक पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मामले में शीघ्र संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस एकल अनशन पर कब तक संज्ञान लेता है और शिकायतों में लगाए गए आरोपों की जांच के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
