**बिलासपुर:**
नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला बिलासपुर द्वारा विशेष सघन जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई अभिहित अधिकारी आर. आर. देवांगन के कुशल मार्गदर्शन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीरसागर पटेल तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी एवं प्रतीक तिवारी की टीम द्वारा संपन्न की गई।
अभियान के तहत ऐतिहासिक माँ महामाया मंदिर, रतनपुर परिसर एवं मेला क्षेत्र में स्थित विभिन्न प्रसादी दुकानों, होटलों तथा चाट-ठेलों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रसादी निर्माण व विक्रय स्थलों से नारियल लड्डू, उखरा एवं समोसा के नमूने लिए गए। इसके साथ ही रतनपुर स्थित ‘श्री राम किराना दुकान’ से सूजी, सेंधा नमक, पोहा और टोमेटो सॉस का सर्विलांस (निगरानी) नमूना संकलित किया गया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने फल दुकानों का भी मुआयना किया, जहाँ स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाए गए सड़े-गले फलों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। जिन व्यापारियों के पास वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीयन उपलब्ध नहीं था, उन्हें तत्काल फूड लाइसेंस/पंजीयन बनवाने के सख्त निर्देश दिए गए।
शहर के अन्य क्षेत्रों में भी जांच का दायरा बढ़ाते हुए टीम ने अशोक नगर स्थित ‘नटराज स्वीट्स’ से चमचम मिठाई तथा विनोबा नगर स्थित ‘अन्नपूर्णा ट्रेडर्स’ से ‘सनलिट’ ब्रांड सूजी का विधिक नमूना जब्त कर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा।
जांच कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता (IEC) गतिविधि के अंतर्गत दुकानदारों व आम नागरिकों को खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता एवं नियमों की जानकारी दी गई तथा संबंधित पोस्टर वितरित कर जागरूक किया गया।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान मिलावटखोरी रोकने एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए यह जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
