
छत्तीसगढ़। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर सप्तमी तिथि के शुभ अवसर पर आदि शक्ति माँ बगदाई मंदिर में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं महामाया आईटीआई के संचालक श्री शत्रुहन लाल साहू द्वारा विशेष रूप से कैट (कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) की टीम को आमंत्रित किया गया था।
मंदिर ट्रस्ट के आमंत्रण पर माँ बगदाई के दर्शन और आरती में शामिल होने के लिए कैट के जिला अध्यक्ष तथा नेहरू युवा केंद्र (युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के सदस्य श्री हीरानंद जयसिंह, कैट के महामंत्री श्री परमजीत सिंह उबेजा सहित व्यापारिक संगठन के तमाम प्रमुख पदाधिकारीगण उपस्थित हुए।
मंदिर पहुँचने पर कैट की टीम का मंदिर समिति द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। पदाधिकारियों को माता की चुनरी ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत सभी अतिथियों ने माँ बगदाई के अलौकिक रूप के दर्शन किए और विधि-विधान से आरती व पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख, समृद्धि, खुशहाली तथा व्यापारिक उन्नति की कामना की।
इस अवसर पर कैट के जिला अध्यक्ष श्री हीरानंद जयसिंह ने मंदिर ट्रस्ट और अध्यक्ष श्री शत्रुहन लाल साहू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माँ बगदाई का यह दरबार अगाध आस्था का केंद्र है और यहाँ आकर अत्यंत मानसिक शांति व सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति हुई है। कार्यक्रम में मंदिर समिति के सेवादार, कैट के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।
