
बिलासपुर। श्री सिंधु अमरधाम आश्रम स्थित श्री झूलेलाल मंदिर में विजयदशमी के अवसर पर सामूहिक मुंडन संस्कार का आयोजन किया गया। संत साईं लालदास जी के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में 21 बालक-बालिकाओं का विधि-विधान से मुंडन संस्कार संपन्न कराया गया। आयोजन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों से श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान झूलेलाल एवं बाबा गुरमुख दास साहेब के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित करने और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद बच्चों का मुंडन संस्कार कराया गया।
इस अवसर पर संत साईं लालदास जी ने श्रद्धालुओं को विजयदशमी एवं नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मुंडन संस्कार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी देते हुए इसे हिंदू परंपरा का एक महत्वपूर्ण संस्कार बताया। संतश्री ने सभी बच्चों को आशीर्वाद दिया। आयोजन के दौरान बच्चों को प्रसाद एवं शगुन स्वरूप खर्ची भेंट की गई तथा पाखर पहनाई गई।
कार्यक्रम में रवि रुपवानी एवं अनिल पंजवानी ने भजनों और गीतों की प्रस्तुति दी। आयोजन का सोशल मीडिया के माध्यम से सीधा प्रसारण भी किया गया, जिससे मंदिर नहीं पहुंच पाने वाले श्रद्धालु घर बैठे कार्यक्रम से जुड़ सके।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बाबा गुरमुख दास सेवा समिति के सेवादारों का विशेष सहयोग रहा।
