रायपुर : कर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की सूचना के आधार पर आयकर (IT) विभाग ने बुधवार तड़के छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की 16 से अधिक अलग-अलग टीमों ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, अंबिकापुर और सूरजपुर में कई बड़े कारोबारियों और औद्योगिक समूहों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। सुबह करीब 5 बजे से शुरू हुई इस कार्रवाई से प्रदेश के औद्योगिक और कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है।
प्रमुख जिलों में कहां-कहां हुई कार्रवाई:

- रायपुर: राजधानी में आईटी टीमों ने तेलीबांधा रिंग रोड-1 स्थित PRA ग्रुप के कार्यालय समेत तीन ठिकानों पर दबिश दी है। इसके अलावा चंदखुरी के बहनाकाड़ी गांव स्थित एक फैक्ट्री, रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह इलाकों में भी जांच और पूछताछ की जा रही है।
- अंबिकापुर और सूरजपुर: अंबिकापुर के एमजी रोड स्थित PRA ग्रुप के मालिक और सड़क निर्माण के बड़े ठेकेदार रमेशचन्द्र अग्रवाल के निवास पर सुबह से आईटी की टीम दस्तावेजों की जांच कर रही है। वहीं, सूरजपुर में भी प्रा (PRA) ग्रुप के ऑफिस और साकेत प्रोडक्ट्स एंड रोलिंग मिल के राइस मिल परिसर में एक साथ छापा मारकर बही-खातों को खंगाला जा रहा है।
- रायगढ़: यहां बर्बरीक कंपनी, सन स्टील और रायगढ़ इस्पात के दफ्तरों व उद्योगों समेत 3 से 4 ठिकानों पर कार्रवाई जारी है। रायगढ़ इस्पात के मालिक श्रवण अग्रवाल और कमल अग्रवाल के घरों और दफ्तरों में भी अधिकारी टैक्स से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल कर रहे हैं।
- बिलासपुर: संभाग के बड़े लोहा कारोबारी जयप्रकाश मित्तल के विद्या नगर स्थित निवास पर तीन गाड़ियों में पहुंची आईटी की टीम ने दबिश दी। अधिकारी दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ कारोबारी से पूछताछ भी कर रहे हैं।
बड़े खुलासों की उम्मीद फिलहाल आयकर विभाग की ओर से इन छापों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सभी ठिकानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद कर चोरी से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
