कवर्धा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) में वित्तीय अनियमितता और करोड़ों रुपये के गबन का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है। विभाग के दो अलग-अलग विद्युत वितरण केंद्रों में पदस्थ रहे एक कर्मचारी पर उपभोक्ताओं से वसूले गए राजस्व की 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये की भारी-भरकम राशि कंपनी के बैंक खाते में जमा न कर हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पिपरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहायक ग्रेड-03 कर्मचारी मनोज साहू को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
चार वर्षों तक चलता रहा हेराफेरी का खेल, रवेली केंद्र से 3.17 करोड़ गायब :

पुलिस जांच और विभागीय ऑडिट में सामने आए तथ्यों के अनुसार, आरोपी मनोज साहू वर्ष 2019-20 से लेकर 2022-23 के बीच कवर्धा जिले के रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में पदस्थ था। इस चार साल के कार्यकाल के दौरान उसने पद का दुरुपयोग करते हुए बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी को अंजाम दिया। रवेली विद्युत वितरण केंद्र में पदस्थापना के दौरान आरोपी ने कुल 3 करोड़ 17 लाख 90 हजार 699 रुपये की राजस्व राशि कंपनी के आधिकारिक बैंक खाते में जमा ही नहीं की। विभागीय हिसाब-किताब में बड़े अंतर की पुष्टि होने के बाद रवेली केंद्र के सहायक अभियंता सुनील कुमार गुप्ता ने पिपरिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद इस पूरे घोटाले की परतें खुलनी शुरू हुईं।
मरका वितरण केंद्र में भी 1.12 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता उजागर :
रवेली केंद्र में गबन का मामला सामने आने के बाद विद्युत विभाग और पुलिस ने आरोपी के पिछले कार्यकाल के दस्तावेजों की भी गहनता से छानबीन की। जांच के दौरान मरका विद्युत वितरण केंद्र में भी 1 करोड़ 12 लाख 69 हजार 171 रुपये की बड़ी वित्तीय अनियमितता पकड़ी गई। इस केंद्र में भी आरोपी ने ठीक इसी तरह राजस्व की राशि को बैंक खाते में जमा करने के बजाय अपने पास रख लिया था। इस मामले में मरका वितरण केंद्र के सहायक अभियंता संदीप कुमार सोनी ने भी पिपरिया थाने में आरोपी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई। दोनों वितरण केंद्रों की गबन की गई राशि को जोड़ने पर कुल घोटाले का आंकड़ा 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये तक पहुंच गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म, जांच का दायरा बढ़ा :
दोनों सहायक अभियंताओं की शिकायतों के आधार पर पिपरिया पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। कवर्धा के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के कड़े निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी मनोज साहू को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों केंद्रों से राशि गबन करने के अपने कृत्यों को स्वीकार कर लिया। जुर्म स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब इस बात की भी तफ्तीश कर रही है कि गबन की गई इस करोड़ों की रकम का आरोपी ने कहां-कहां निवेश या उपयोग किया है, तथा क्या इस पूरे खेल में विभाग के किसी अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता रही है।
