जांजगीर-चांपा। जिले के महिला थाना स्थित परिवार परामर्श केंद्र की एक और काउंसलर पर गाज गिरी है। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठने की शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय कुमार पाण्डेय ने बीजेपी नेत्री और काउंसलर संतोषी दुबे की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है।
क्या है पूरा मामला? :

जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी पारस जैन ने एसपी से शिकायत की थी कि संतोषी दुबे ने एक एनजीओ (NGO) के माध्यम से पांच अलग-अलग जगहों पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इस काम के एवज में चेक के माध्यम से संतोषी दुबे को 1.5 लाख रुपये और उनके एक सहयोगी को 3.5 लाख रुपये (कुल 5 लाख रुपये) दिए गए थे। आरोप है कि मोटी रकम लेने के बावजूद न तो नौकरी लगवाई गई और न ही पैसे लौटाए गए।
दो अधिकारियों को सौंपी गई जांच :
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने न केवल संतोषी दुबे को पद से हटाया है, बल्कि पूरे मामले और वित्तीय लेन-देन की जांच के लिए दो अधिकारियों—परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी और अजाक (AJAK) थाना के डीएसपी—को जिम्मेदारी सौंपी है।
एक सप्ताह में दूसरी काउंसलर पर गिरी गाज :
गौरतलब है कि परिवार परामर्श केंद्र में बीते एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले रायपुर निवासी एक युवक की शिकायत पर बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य और काउंसलर पूजा राठौर की नियुक्ति भी निरस्त की जा चुकी है। उन पर भी नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेने के आरोप लगे थे।
