रायपुर (राकेश डेंगवानी) : सेवा पथ संस्था द्वारा रविवार 10 नवम्बर को नौ कन्याओं का भव्यतम सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया । संस्था का यह पंचम वार्षिक आयोजन था, जिसे सफल बनाने में राजधानी रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों की सामाजिक संस्थाओं ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया । इस समारोह में महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्यप्रदेश, ओड़िशा और छत्तीसगढ़ के युवक-युवतियां हिन्दू वैदिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय सूत्र में बंधे ।
धार्मिक अनुष्ठानों और सिन्धी परंपराओं के साथ संपन्न हुआ विवाह :

आयोजन के अंतर्गत 18 नवम्बर शनिवार को भगवान झूलेलाल का बहराणा साहेब आयोजित किया गया । अगले दिन सुबह से ही विवाह की तैयारियों में सैकड़ों लोग जुट गये । प्रातः काल से ही रामसत, मुकुट बंधन, बारात, जानी वासा और लाडों के पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किये गये । इसके पश्चात् सिन्धी समाज के पंडितों द्वारा वैदिक रीति-रिवाज से सभी नौ जोड़ों का विवाह संपन्न करवाया गया । रात्रि में नवदम्पत्तियों का मंच पर स्वागत समारोह और गीत-संगीत का कार्यक्रम आयोजित हुआ । समारोह में शामिल लगभग 6,000 लोगों के लिये वैवाहिक स्वरुचि भोज का भी उत्तम प्रबंध किया गया था ।
नवरात्री की परंपरा और कर्ज मुक्त विवाह का उद्देश्य :
विवाह में नौ जोड़ों के चयन के पीछे विशेष धार्मिक और सामाजिक मान्यता है । भारतीय संस्कृति में कन्या को देवी माता का स्वरूप माना जाता है और नवरात्री में माता के नौ रूपों की पूजा व कन्या भोज किया जाता है । इसी आराधना स्वरूप संस्था प्रतिवर्ष नवरात्री के पश्चात् नौ कन्याओं का विवाह कराती है । इसका मुख्य उद्देश्य मध्यमवर्गीय और जरूरतमंद परिवारों को एक मंच पर लाकर उन्हें कर्ज लेकर शादी करने की चिंता से मुक्त करना है । कार्यक्रम में संत युधिष्ठिर लाला, माता सेहरावाली एवं गुरु अनंतपुरी गोस्वामी ने उपस्थित होकर नव जोड़ों को अपना आशीर्वाद प्रदान किया ।
सामूहिक विवाह के प्रमुख सामाजिक और आर्थिक लाभ :
- आर्थिक बचत: एकल विवाह में टेंट, सजावट, भोजन और बैंड-बाजा आदि पर होने वाले भारी खर्च की तुलना में सामूहिक विवाह से खर्च बंट जाता है, जिससे परिवारों की बड़ी बचत होती है ।
- दहेज प्रथा और फिजूलखर्ची पर रोक: सादगीपूर्ण आयोजन से दिखावे और दहेज जैसी कुप्रथाओं पर प्रभावी अंकुश लगता है ।
- सामाजिक समानता और भाईचारा: बिना किसी भेदभाव के एक साथ विवाह होने से समाज में समरसता और एकता को बढ़ावा मिलता है ।
- समय और श्रम की बचत: एक ही स्थान पर आयोजन होने से रिश्तेदारों और समाज के समय व श्रम की बचत होती है, साथ ही मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी व्यवस्थाओं के तनाव से छुटकारा मिलता है ।
- जरूरतमंद परिवारों को संबल: आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवारों को अपनी बेटियों के सम्मानजनक विवाह के लिये बड़ा संबल मिलता है ।
प्रमुख पदाधिकारियों और सिन्धी पंचायतों का रहा विशेष सहयोग :

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिये सेवा पथ संस्था विगत तीन माह से तैयारियों में जुटी थी । आयोजन की मुख्य जिम्मेदारी संस्था प्रमुख हिना जादवानी सहित गुंजन मेलवानी, जया वासवानी, बबीता रोहरा, दीक्षा रामानी, चंचल बजाज, रागिनी गोगिया, दिव्या अडवानी और पुष्पा तोलानी ने संभाली । इसके अतिरिक्त धमतरी, कांकेर, तिल्दा, बलौदा बाजार और चक्करभाटा की सिन्धी पंचायतों तथा अन्य सामाजिक संगठनों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना अभूतपूर्व योगदान दिया ।
