
सुरेश सिंह बैस “शाश्वत”- वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, अधिवक्ता – बिलासपुर, छत्तीसगढ़ कटघोरा से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर बसा छोटा-सा गांव तुमान पहली नजर में किसी सामान्य ग्रामीण बस्ती जैसा दिखाई देता है। लेकिन इसकी शांत धरती के नीचे छत्तीसगढ़ के मध्यकालीन इतिहास का एक ऐसा अध्याय छिपा है, जिसे जानने के बाद इस गांव को केवल गांव कहना इतिहास के साथ अन्याय होगा। इतिहासविद् भी तुमान को कलचुरी राजाओं की प्राचीन राजधानी से जोड़ते हैं, जबकि छत्तीसगढ़ संस्कृति विभाग के पुरातात्विक अभिलेख इसे लगभग 900 ईस्वी के आसपास दक्षिण कोसल के कलचुरियों की प्रथम राजधानी के रूप में प्रमाणित करते हैं। सबसे महत्वपूर्ण तथ्य – तुमान और ‘तुम्माण’ एक ही ऐतिहासिक स्थान हैं, इतिहास के पुराने अभिलेखों में आज का तुमान अलग-अलग रूपों में तुम्माण, तुम्माना और वंको-तुम्माण जैसे नामों से मिलता है। यही पहचान इस स्थल के महत्व की पहली बड़ी कुंजी है। पुराने अभिलेखों के अध्ययन के आधार पर इतिहासकारों ने तुम्माण को वर्तमान तुमान से जोड़ा है। 1127 ईस्वी के आसपास के एक कलचुरी अभिलेख में ‘वंको-तुम्माण’ का उल्लेख मिलता है और उसका संबंध वर्तमान तुमान से स्थापित किया गया है। इस नाम का संबंध यहां प्रतिष्ठित वंकेश्वर देवालय से भी जोड़ा गया है। अर्थात् आज का तुमान किसी हाल फिलहाल के गांव का नाम नहीं, बल्कि एक ऐसे ऐतिहासिक भू-क्षेत्र की निरंतर स्मृति है, जिसका उल्लेख कलचुरीकालीन अभिलेखों में मिलता है। लगभग 900 ईस्वी : जब तुमान बना था सत्ता का केंद्र। छत्तीसगढ़ संस्कृति विभाग के पुरातात्विक विवरण के अनुसार, तुमान के शिलालेखीय साक्ष्य बताते हैं कि लगभग 900 ईस्वी में यह दक्षिण कोसल के कलचुरियों की पहली राजधानी के रूप में विकसित हुआ। यह तथ्य सामान्य पर्यटक साहित्य से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे पता चलता है कि रतनपुर से पहले कलचुरी सत्ता का एक प्रमुख राजनीतिक आधार तुमान था। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की Indian Archaeology रिपोर्ट इस इतिहास को और रोचक बनाती है। उसके अनुसार लगभग 900 ईस्वी में तुमान कलचुरियों की प्रथम राजधानी बना; लगभग 950 ईस्वी के आसपास सोमवंशियों ने इस क्षेत्र में राजनीतिक प्रभाव स्थापित किया, लेकिन करीब 1000 ईस्वी के आसपास कलचुरियों ने पुनः अपना प्रभाव स्थापित किया। यानी तुमान की कहानी केवल किसी राजा द्वारा मंदिर बनवाने की कहानी नहीं है। यह सत्ता के उत्थान, संघर्ष, पुनर्स्थापना और अंततः राजधानी के स्थानांतरण की कहानी है। ” यह तथ्य भी उल्लेखनीय है कि रतनपुर से पहले था तुमान का अस्तित्व”। छत्तीसगढ़ के इतिहास में रतनपुर को कलचुरियों की राजधानी के रूप में बहुत प्रसिद्धि मिली है। लेकिन एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक तथ्य अक्सर छूट जाता है कि रतनपुर से पहले तुमान कलचुरी सत्ता का केंद्र था। पुरातात्विक एवं अभिलेखीय अध्ययनों के अनुसार बाद में राजधानी रतनपुर स्थानांतरित हुई। इसीलिए तुमान को कलचुरी इतिहास की आरंभिक राजधानी समझना चाहिए, जबकि रतनपुर बाद के राजनीतिक उत्कर्ष का बड़ा केंद्र बना। यह तथ्य तुमान को रतनपुर का छोटा-सा उपकेंद्र नहीं, बल्कि रतनपुर राज्य-परंपरा की ऐतिहासिक पूर्वपीठिका बना देता है। और भी चौंकाने वाला तथ्य है,वहां केवल एक मंदिर नहीं था, तुमान के महत्व का सबसे बड़ा प्रमाण उसका वर्तमान शिव मंदिर अकेला नहीं है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा किए गए वैज्ञानिक अन्वेषण में वहां सात पुरातात्विक टीले चिन्हित किए गए। इनमें से छह टीलों की जांच की गई और उनके भीतर विभिन्न आकार तथा निर्माण-चरणों के लगभग 20 मंदिरों के अवशेष सामने आए। कल्पना कीजिए – आज जहां एक छोटा गांव दिखाई देता है, उसी भूभाग में कभी मंदिरों का एक बड़ा धार्मिक-स्थापत्य परिसर रहा होगा। इन मंदिरों के निर्माण में अपेक्षाकृत कमजोर बलुआ पत्थर का उपयोग और सूखी चिनाई के साथ वास्तु-खंडों को जोड़ने के लिए लोहे के डॉवल का प्रयोग मिला। यह जानकारी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे उस समय की निर्माण तकनीक का पता चलता है। यहां स्थापित 93 मूर्तियों ने खोल दिया है एक और रहस्य। पुरातात्विक जांच में वहां से 93 मूर्तियां प्राप्त हुआ है। इनमें शैव और वैष्णव दोनों परंपराओं से जुड़ी प्रतिमाएं शामिल हैं। इसका अर्थ यह हुआ कि तुमान का धार्मिक जीवन केवल शिव उपासना तक सीमित नहीं था। राष्ट्रीय पुरावशेष अभिलेख में तुमान से संबंधित दर्ज सामग्री में नृत्य करते शिव, पार्वती, गजांतक शिव, सूर्य, विष्णु, नरसिंह, नायिकाएं, अप्सराएं, गणेश, व्याल, सिंह-व्याल, गंगा-यमुना तथा विभिन्न मानव आकृतियां शामिल हैं। यहां तक कि कुछ पुरावशेषों में शैव, वैष्णव और लोक/सांस्कृतिक जीवन की अनेक छवियां एक साथ मिलती हैं। इससे उस दौर के धार्मिक सह-अस्तित्व और कलात्मक विविधता का अनुमान लगाया जा सकता है। तुमान के मंदिर की दीवारें एक ‘पत्थर की किताब’ हैं। आज जिस महादेव मंदिर के अवशेष दिखाई देते हैं, वह पश्चिमाभिमुख मंदिर है। इसके गर्भगृह में शिवलिंग है और प्रवेशद्वार अत्यंत अलंकृत है।छत्तीसगढ़ संस्कृति विभाग के अभिलेख के अनुसार प्रवेशद्वार पर गंगा और यमुना, शैव द्वारपाल, ब्रह्मा, विष्णु, नवग्रह और शिव से संबंधित प्रतिमाएं तथा विष्णु के विभिन्न अवतारों के अंकन मिलते हैं। मंदिर की जंघा पर ज्यामितीय और पुष्पीय अलंकरण, हीराकार आकृतियां, सिंह, भारवाहक तथा चलते हुए हाथियों जैसी शिल्पाकृतियां भी दर्ज हैं। मंदिर की योजना सप्तरथ प्रकार की बताई गई है। अर्थात मंदिर केवल पूजा का स्थान नहीं था; उसकी प्रत्येक वास्तु-परत तत्कालीन समाज, धर्म और कला की कहानी कहती है। एक अत्यंत महत्वपूर्ण अभिलेखीय कड़ी में जाजल्लदेव का रतनपुर शिलालेख दर्ज़ किया जाना चाहिए। तुमान के इतिहास को समझने में बाद के कलचुरी शिलालेख भी महत्वपूर्ण हैं। कलचुरी संवत 866, अर्थात लगभग 1114 ईस्वी, के जाजल्लदेव प्रथम के रतनपुर शिलालेख में उल्लेख मिलता है कि राजा रत्नदेव प्रथम ने तुमान में अनेक मंदिरों का निर्माण कराया था। यह तथ्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसका अर्थ यह हुआ कि राजधानी रतनपुर की ओर राजनीतिक केंद्र स्थानांतरित होने के बाद भी तुमान का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व समाप्त नहीं हुआ था। बल्कि पुराने राजधानी-क्षेत्र को मंदिर निर्माण के माध्यम से सम्मानित और जीवित रखा गया। तुमान का एक और छिपा हुआ अल्प ज्ञात नाम है वंकेश्वर..!इतिहास की परतों में तुमान का एक और नाम सामने आता है – वंको- तुम्माण। प्राचीन अभिलेखीय सामग्री के अनुसार यहां वंकेश्वर का प्रसिद्ध मंदिर था। 1079 ईस्वी के अमोदा ताम्रपत्र से संबंधित अध्ययन में भी तुम्माण में वंकेश्वर मंदिर के लिए चार-स्तंभों वाले मंडप के निर्माण का उल्लेख मिलता है। इससे पता चलता है कि राजधानी स्थानांतरित होने के बाद भी तुमान धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बना रहा। यह जानकारी आम पर्यटक विवरणों में प्रायः दिखाई नहीं देती। तुमान को ‘प्राकृतिक दुर्ग’ क्यों कहा जा सकता है? तुमान की भौगोलिक स्थिति भी इसके राजनीतिक महत्व को समझने में सहायता करती है। पुरातत्व संबंधी शोध में पुरा विद्वान रायबहादुर हीरालाल के निरीक्षण दौरान उन्होंने तुमान के आसपास के क्षेत्र को पहाड़ियों से घिरे भूभाग के रूप में देखा था और इसे प्राकृतिक रूप से सुरक्षित क्षेत्र माना। दो प्रमुख प्रवेश मार्गों को नियंत्रित कर इस पूरे भूभाग को प्राकृतिक दुर्ग की तरह सुरक्षित किया जा सकता था। इस दृष्टि से देखें तो तुमान का राजधानी बनना शायद संयोग नहीं था। चारों ओर की भौगोलिक सुरक्षा, जल-स्रोत, पहाड़ी क्षेत्र और मध्य भारत के विभिन्न मार्गों से संपर्क, इन सबने इसे सत्ता के लिए रणनीतिक स्थान बनाया होगा। यही वह बिंदु है जहां इतिहास और भूगोल एक-दूसरे से जुड़ते हैं। यहां मंदिर ही नहीं, पूरा ‘पुराना नगर’ खोजे जाने की संभावना है ।भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की वैज्ञानिक जांच का उद्देश्य केवल मंदिर देखना नहीं था। शोधकर्ताओं ने वहां पुराने आवासीय क्षेत्र और मंदिरों के अवशेषों की खोज को भी लक्ष्य बनाया था। जांच में अनेक स्थापत्य अवशेष मिले। इससे एक बड़ा प्रश्न पैदा होता है – यदि यहां लगभग 20 मंदिरों के अवशेष और इतनी बड़ी संख्या में मूर्तियां मिल सकती हैं, तो उस समय का राजमहल, बाजार, आवासीय क्षेत्र, प्रशासनिक परिसर और सामान्य जनता का जीवन किस रूप में रहा होगा? इस प्रश्न का पूरा उत्तर अभी हमारे सामने नहीं है। और शायद यही तुमान की सबसे बड़ी पुरातात्विक संभावना है। तुमान केवल ‘खंडहर’ नहीं, छत्तीसगढ़ के इतिहास की प्रयोगशाला है।राष्ट्रीय पुरावशेष अभिलेख में तुमान से प्राप्त अनेक मूर्तियों और स्थापत्य खंडों का अलग-अलग दस्तावेजीकरण किया गया है। इनमें कलचुरी काल के बलुआ पत्थर के स्थापत्य अवशेष भी शामिल हैं। इसका मतलब है कि तुमान में बिखरे पत्थर केवल टूटे हुए मंदिरों के अवशेष नहीं हैं। वे तत्कालीन कला, धर्म, स्थापत्य तकनीक, राजसत्ता और सामाजिक जीवन के प्राथमिक स्रोत हैं। यही कारण है कि तुमान का संरक्षण केवल स्थानीय पर्यटन की दृष्टि से नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ और मध्य भारत के इतिहास के पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक है। सबसे बड़ा सवाल अभी भी बना हुआ है कि राजधानी गायब कैसे हो गई? इतिहास का सबसे रहस्यमय पक्ष यही है। एक समय जिस स्थान पर राजसत्ता, मंदिर, शिल्पकार, धार्मिक गतिविधियां और संभवतः प्रशासनिक जीवन रहा होगा, आज वहां एक शांत ग्रामीण परिवेश है। राजधानी रतनपुर चली गई। राजनीतिक शक्ति का केंद्र बदला। समय के साथ राजवंश बदले। मंदिर टूटे, प्रकृति और मानवीय हस्तक्षेप ने स्थापत्य को क्षतिग्रस्त किया और धीरे-धीरे तुमान की राजधानी वाली पहचान लोकस्मृति और पुरातात्विक अवशेषों में सिमट गई। लेकिन पत्थर इतिहास को भूलते नहीं। आज भी वहां मिले शिव, विष्णु, सूर्य, पार्वती, गणेश, नरसिंह, अप्सरा, नायिका, गंगा-यमुना और व्याल जैसे शिल्प उस भूले हुए नगर की आवाज बनकर खड़े हैं। मेरे विचार से वतुमान को रतनपुर से पहले पढ़ना होगा, वह इसलिए कि छत्तीसगढ़ के इतिहास को यदि केवल रतनपुर, सिरपुर, मल्हार और भोरमदेव के प्रसिद्ध अध्यायों तक सीमित कर दिया जाए तो तस्वीर अधूरी रह जाएगी। तुमान उस अधूरी तस्वीर की एक अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ी है। यह वह स्थान है जहां लगभग एक हजार वर्ष पहले दक्षिण कोसल में कलचुरी सत्ता ने अपने राजनीतिक आधार को मजबूत किया; जहां मंदिरों का एक बड़ा समूह विकसित हुआ; जहां शैव और वैष्णव परंपराओं की कलात्मक अभिव्यक्ति दिखाई दी; जहां 20 से अधिक मंदिरों के अवशेष और 93 से अधिक महत्वपूर्ण मूर्तियां पुरातात्विक जांच में सामने आईं; और जहां अभिलेख आज भी उस प्राचीन राजधानी की स्मृति को प्रमाणित करते हैं। इसलिए तुमान को केवल ‘कटघोरा के पास का पुराना शिव मंदिर’ कहना उसके गौरव को छोटा करना है।सही परिचय शायद यह होना चाहिए…. *> “तुमान…छत्तीसगढ़ की वह विस्मृत ऐतिहासिक धरती, जो कभी दक्षिण कोसल के कलचुरियों की प्रथम राजधानी थी और जिसके खंडहर आज भी एक हजार वर्ष पुराने राजकीय, धार्मिक और स्थापत्य वैभव की गवाही दे रहे हैं।”* और सबसे महत्वपूर्ण बात तुमान का सबसे बड़ा खजाना शायद अभी मिला ही नहीं है। मंदिरों के आसपास के आवासीय और राजकीय क्षेत्र की व्यवस्थित पुरातात्विक खोज भविष्य में उस प्राचीन राजधानी के वास्तविक आकार, प्रशासन, अर्थव्यवस्था और जनजीवन पर नई रोशनी डाल सकती है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की पूर्व वैज्ञानिक जांच में भी habitation site तथा temple remains की खोज को प्रमुख उद्देश्य बनाया गया था। यही कारण है कि तुमान को केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि एक संभावित “पुरातात्विक नगर” के रूप में देखने की जरूरत है।- सुरेश सिंह बैस “शाश्वत”
