मुंबई/नई दिल्ली : मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर भगवान श्री राम पर दिए अपने एक बयान को लेकर विवादों में आ गए हैं। अख्तर द्वारा भगवान राम को ‘हर हिंदुस्तानी के खून में बसा एक विचार’ बताए जाने पर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। मौलाना ने तंज कसते हुए कहा कि अगर जावेद अख्तर को राम से इतना ही लगाव है, तो उन्हें घर वापसी कर अपना नाम ‘रामपाल’ रख लेना चाहिए।
क्या कहा था जावेद अख्तर ने?

एक कार्यक्रम के दौरान भगवान राम के महत्व पर बात करते हुए जावेद अख्तर ने उन्हें एक व्यक्ति से बढ़कर एक जीवनशैली और नैतिकता का प्रतीक बताया था। उन्होंने कहा था, “राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि वे एक विचार, एक नैतिकता और जीवन जीने का तरीका हैं। जब आप उस पैमाने पर उन्हें समझते हैं, तो वे दिल को छूते हैं। मेरी इस बात से शायद कई लोग नाराज हों, लेकिन हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में राम मौजूद हैं, चाहे उसका मजहब कुछ भी हो।”
मौलाना रशीदी का पलटवार: ‘यह सिर्फ बिजनेस की मजबूरी है’
जावेद अख्तर की इस टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए मौलाना रशीदी ने इसे उनके फिल्मी करियर से जोड़ दिया। मौलाना ने कहा कि अख्तर खुद को खुले मंचों से नास्तिक बताते रहे हैं और किसी ईश्वर या खुदा को नहीं मानते, तो अचानक राम में उनकी आस्था कैसे जाग गई?
रशीदी ने आरोप लगाया कि यह बयान महज एक ‘बिजनेसमैन’ की मजबूरी है। उन्होंने कहा, “उनका पूरा परिवार फिल्म उद्योग से जुड़ा है। चूंकि देश की 80 प्रतिशत आबादी उनकी फिल्में और गाने देखती है, इसलिए कारोबार चलाने के लिए वे ऐसी बातें कर रहे हैं।”
‘दो नावों पर सवार होने की कोशिश न करें’
मौलाना रशीदी ने स्पष्ट किया कि न तो राम मुसलमानों के पूर्वज हैं और न ही मुसलमानों की उनमें धार्मिक आस्था है। जावेद अख्तर को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने आगे कहा, “अभिनेता और नेताओं का कोई दीन-धर्म नहीं होता। आप एक साथ दो नावों पर सवार होने की कोशिश कर रहे हैं, जो सही नहीं है। आपको एक स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। अगर वाकई राम के प्रति प्रेम जागा है, तो जावेद अख्तर की जगह अपना नाम ‘रामपाल’ रख लें, इससे बहुसंख्यक समाज भी खुश हो जाएगा।”
