बदायूं (उ.प्र.) : इश्क की कहानी भी बेहद अजीब होती है। यह कभी दो अनजान लोगों को एक-दूसरे के करीब ले आती है, तो कभी ऐसे नाजुक रिश्तों के बीच लाकर खड़ा कर देती है, जहां मोहब्बत और सामाजिक मर्यादाएं आमने-सामने आ जाती हैं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद में एक ऐसी ही हैरान करने वाली प्रेम कहानी इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां बचपन से एक-दूसरे को जानने वाले ममेरे-फुफेरे भाई-बहन के बीच प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि दोनों एक साथ जीवन बिताने की जिद पर अड़ गये। चूंकि दोनों के बीच पहले से ही भाई-बहन का पवित्र रिश्ता था, इसलिये दोनों के परिवार वाले इस अनोखे और सामाजिक रूप से असहज करने वाले रिश्ते को मानने के लिये बिल्कुल तैयार नहीं हुये। परिणामस्वरूप, घर की चारदीवारी के भीतर शुरू हुआ यह प्रेम प्रसंग बाहर निकलकर सीधे पुलिस थाने की दहलीज तक जा पहुंचा।
बिसौली क्षेत्र का है पूरा मामला, बचपन की नजदीकियां बदलीं प्यार में :

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम बदायूं जिले के बिसौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव का है। युवक और युवती के परिजनों ने बताया कि आपस में करीबी रिश्तेदारी होने के कारण दोनों का बचपन से ही एक-दूसरे के घर खूब आना-जाना लगा रहता था। दोनों अक्सर घंटों बैठकर आपस में बातचीत करते थे। चूंकि समाज और परिवार की नजरों में उनके बीच भाई-बहन का रिश्ता था, इसलिये न तो कभी किसी ने उन पर कोई शक किया और न ही किसी ने उन्हें मिलने-जुलने से रोकने की कोशिश की। लेकिन समय गुजरने के साथ-साथ यह पारिवारिक अपनापन और बचपन की नजदीकियां कब गहरे प्रेम संबंधों में तब्दील हो गईं, इसकी भनक खुद उन्हें भी नहीं लग सकी।
एक परिवार शादी को हुआ राजी, दूसरे पक्ष ने खड़े किये हाथ :
समय के साथ दोनों ने मन ही मन एक-दूसरे को अपना जीवनसाथी मान लिया और जीवन भर साथ निभाने तथा साथ जीने-मरने की कसमें भी खा लीं। जब इस प्रेम प्रसंग की खबर दोनों के घर वालों को लगी, तो दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया और विवाद की स्थिति पैदा हो गई। शुरुआत में दोनों ही परिवारों ने युवक और युवती को लोक-लाज और रिश्तों की मर्यादा का हवाला देते हुये समझाने की भरपूर कोशिश की। जब तमाम प्रयासों के बावजूद युवती अपनी जिद से टस से मस नहीं हुई, तो युवती के परिजनों ने आखिरकार इस शादी के लिये अपनी सहमति दे दी। यहां तक कि लड़की पक्ष ने विवाह समारोह का पूरा खर्च स्वयं उठाने की बात भी कही। इसके विपरीत, युवक के परिवार वालों ने सामाजिक मान्यताओं का हवाला देते हुये इस रिश्ते को मंजूरी देने से साफ इंकार कर दिया। आपसी सहमति न बन पाने के कारण नाराज युवती ने सीधे पुलिस थाने में जाकर इस मामले की शिकायत दर्ज करा दी।
थाने में चला हाईवोल्टेज ड्रामा, युवती बोली- ‘शादी तो भैया से ही करूंगी’ :
युवती की शिकायत मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई और दोनों पक्षों को बातचीत के लिये थाने बुलाया गया। थाने के भीतर और कोतवाली परिसर के बाहर घंटों तक पुलिस और परिजनों द्वारा समझाने-बुझाने का दौर चलता रहा, जिससे वहां हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पुलिस ने भी युवती को भविष्य और सामाजिक पहलुओं के बारे में समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अडिग रही।
कोतवाली में अपना पक्ष रखते हुये युवती ने सबके सामने दो टूक शब्दों में कह दिया कि दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बन चुके हैं, ऐसे में अब पीछे हटने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। उसने स्पष्ट किया कि वह युवक को मन से अपना पति मान चुकी है और सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें खा चुकी है, इसलिये कम से कम इस जन्म में तो वह अपना फैसला नहीं बदलेगी। युवती ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि शादी तो वह ‘भैया’ से ही करेगी, चाहे वह कोर्ट मैरिज के जरिये हो या फिर सामाजिक रीति-रिवाजों से। यदि ऐसा नहीं हुआ, तो वह कानूनी कार्यवाही का रास्ता अपनाने से भी पीछे नहीं हटेगी।
लड़के वालों ने मांगी पांच दिन की मोहलत, फैसले पर टिकीं निगाहें :

युवती के इस बेहद सख्त और अडिग रुख को देखते हुये थाने में मौजूद युवक और उसके परिजनों के सामने असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई। तत्काल कोई निर्णय लेने के बजाय लड़के के परिवार वालों ने आपसी विचार-विमर्श करने के लिये पांच दिन का समय मांग लिया और किसी तरह उस समय मामले को शांत कराया। उन्होंने पुलिस और लड़की पक्ष को भरोसा दिलाया है कि पांच दिनों के भीतर वे विवाह को लेकर अपना अंतिम निर्णय बता देंगे। फिलहाल, युवती अपने फैसले पर पूरी तरह कायम है, जबकि युवक का परिवार गहरे असमंजस में फंसा हुआ है। अब पूरे क्षेत्र की निगाहें आने वाले पांच दिनों पर टिकी हैं, जिसके बाद ही यह स्पष्ट हो पायेगा कि इस अनोखे प्रेम प्रसंग को शादी की मंजिल मिलती है या फिर यह कहानी कोई नया कानूनी और सामाजिक मोड़ लेती है।
