आज के समय में शादी और रिश्तों को लेकर लोगों की सोच तेजी से बदल रही है। अब जरूरी नहीं कि घर की जिम्मेदारी सिर्फ पत्नी संभाले और कमाने का काम पति ही करे। इसी बदलती सोच के बीच एक भारतीय शख्स ने Reddit पर अपनी शादी को लेकर ऐसी इच्छा जाहिर की है, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। वह ऐसी महिला से शादी करना चाहता है जो घर की मुख्य कमाने वाली हो, जबकि वह खुद घर और परिवार की जिम्मेदारी संभाले।
‘ऐसी पत्नी की तलाश है जो घर का खर्च उठाना चाहती हो’ :

शख्स ने Reddit के r/AskIndianWomen कम्युनिटी में अपनी बात रखते हुए पोस्ट का टाइटल लिखा, ‘ऐसी पत्नी की तलाश है जो घर का खर्च उठाना चाहती हो।’ उसने बताया कि वह भारत में ऐसी महिला से शादी करना चाहता है जो अपनी पसंद की नौकरी, करियर या बिजनेस कर सके। महिला को अपने करियर के लिए जहां जाना हो, वह जा सकती है। वहीं, घर संभालने की पूरी जिम्मेदारी वह खुद उठाने को तैयार है। उसने साफ कहा कि उसे खाना बनाना, घर की सफाई करना, कपड़े धोना और रोजमर्रा के दूसरे घरेलू काम करने में कोई परेशानी नहीं है। उसकी इच्छा है कि पत्नी घर की मुख्य कमाने वाली बने और पैसों से जुड़े फैसले संभाले, जबकि वह घर को मैनेज करे।
बच्चे नहीं चाहता, कम से कम 12 लाख सालाना कमाई की शर्त :
इस शख्स ने स्पष्ट किया कि वह शादी के बाद बच्चे नहीं चाहता। उसने कहा कि वह इस तरह के रिश्ते को लेकर गंभीर है और चाहता है कि उसकी शादी प्यार, सम्मान और बराबरी पर टिकी हो। उसके मुताबिक, पति-पत्नी के बीच जिम्मेदारियां बांटने का फैसला उनकी आपसी सहमति से होना चाहिए, न कि समाज की बनाई पुरानी सोच के आधार पर।
पोस्ट के एडिट में उसने बताया कि उसकी लंबाई 6 फीट है, रंग गोरा है और शरीर से वह अच्छी तरह फिट है। उसके माता-पिता ए-क्लास सरकारी नौकरियों से रिटायर हुए हैं और उन्हें पेंशन मिलती है। हालांकि, इस रिश्ते के लिए उसकी शर्त है कि महिला की सालाना कमाई कम से कम 12 लाख रुपये हो।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया, यूजर्स ने दागे सवाल :
पोस्ट सामने आने के बाद Reddit यूजर्स ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों को उसकी सोच पसंद आई और एक यूजर ने कहा कि अच्छी बात है कि अब पुरुष भी उन जिम्मेदारियों को अपनाने के लिए खुलकर आगे आ रहे हैं, जिन्हें परंपरागत रूप से महिलाओं का काम माना जाता रहा है।

हालांकि, हर कोई इससे सहमत नहीं था। एक यूजर ने सवाल पूछे कि क्या वह पत्नी के घर जाकर रहने, कम पैसों में घर चलाने और बचत करने, पत्नी के सभी बड़े फैसले मानने, उसका सरनेम अपनाने और शादी के खर्चों में आर्थिक योगदान देने को तैयार होगा? वहीं, एक अन्य यूजर ने कोविड के दौरान बेरोजगारी का अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि घर के काम संभालने पर उसके पति ने पहले की तरह हाथ बंटाना भी बंद कर दिया था। इस चर्चा ने दिखाया कि शादी में जिम्मेदारियों का बंटवारा सिर्फ सोचने में आसान लगता है, असल जिंदगी में इसे निभाने के लिये दोनों पार्टनर का एक-दूसरे की जरूरतों, मेहनत और फैसलों का सम्मान करना जरूरी है।
