
दो साल के कार्यकाल में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने किए कई उल्लेखनीय प्रयास पत्रकारों, नागरिक संगठनों और पुलिस सहयोगियों के प्रति जताया आभार, बोले– बिलासपुर का स्नेह और अपनापन हमेशा याद रहेगाअनिल शुक्ला की रिपोर्टबिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) के रूप में करीब दो वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के बाद रामगोपाल करियारे का स्थानांतरण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कटघोरा जिला कोरबा के पद पर हो गया है। बिलासपुर से रिलीव होने के पहले उन्होंने पत्रकारों और मीडिया साथियों को भावुक संदेश देते हुए शहर के प्रति अपने लगाव का इजहार किया। उन्होंने अपने संदेश के अंत में ‘I Love Bilaspur ❤️’ लिखकर बिलासपुर के प्रति अपनी आत्मीयता जाहिर की।अपने कार्यकाल को याद करते हुए एएसपी करियारे ने कहा कि बिलासपुर के गणमान्य नागरिकों, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथियों, स्वयंसेवी संगठनों, पुलिस सहयोगियों, नागरिक संगठनों, शैक्षणिक, व्यावसायिक और आध्यात्मिक संस्थाओं से उन्हें भरपूर सहयोग, स्नेह और मार्गदर्शन मिला। इसी आत्मीय सहयोग की बदौलत वे यातायात प्रबंधन से जुड़े अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से कर सके।यातायात व्यवस्था को लेकर सक्रिय रही कार्यशैलीकरीब दो वर्षों के कार्यकाल में रामगोपाल करियारे ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने को प्राथमिकता दी। यातायात पुलिस और आम नागरिकों के बीच समन्वय स्थापित करने, यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विभिन्न आयोजनों के दौरान यातायात प्रबंधन को व्यवस्थित रखने की दिशा में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही। शहर की बढ़ती आबादी और वाहनों के दबाव के बीच यातायात व्यवस्था को संभालना एक चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी रही, जिसका उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर निर्वहन किया।सहयोग और आत्मीयता को बताया अपनी ताकतपत्रकारों के नाम अपने संदेश में उन्होंने कहा कि बिलासपुर में उन्हें केवल पदस्थापना के दौरान काम करने का अवसर ही नहीं मिला, बल्कि यहां के लोगों का आत्मीय प्रेम, स्नेह, सौहार्द और मार्गदर्शन भी मिला। उन्होंने सभी पत्रकारों, नागरिक संगठनों, पुलिस सहयोगियों और शहरवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह प्रेम और स्नेह बनाए रखने की अपेक्षा जताई।रामगोपाल करियारे का यह संदेश उनके बिलासपुर से भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है। प्रशासनिक जिम्मेदारी के तहत शहर से विदाई जरूर हुई है, लेकिन ‘I Love Bilaspur’ के शब्दों के साथ उन्होंने यह जाहिर कर दिया कि न्यायधानी से मिला अपनापन उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा।
