
बेलगहना (बिलासपुर)। श्री सिद्धबाबा अद्वैत परमहंस आश्रम, बेलगहना के परम श्रद्धेय श्री स्वामी जी महाराज की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता सामने आई है। बीते 22 नवंबर की रात्रि सोनसाय नवागांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम से वापस लौटते समय भेलवा टिकरा एवं मिट्ठू नवागांव के बीच जंगल क्षेत्र में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा स्वामी जी महाराज के काफिले पर पथराव किए जाने की घटना हुई। पत्थर वाहन की नंबर प्लेट एवं फ्रंट ग्रिल पर लगा, जिससे वाहन का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के संबंध में आश्रम की ओर से थाना बेलगहना में आवेदन प्रस्तुत कर दोषियों की पहचान एवं उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।
पायलेटिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि बिलासपुर आरक्षी केंद्र से उपलब्ध कराई गई पुलिस पायलेटिंग व्यवस्था में तैनात चालक सहित आरक्षक कथित रूप से शराब के नशे में थे। साथ ही पायलेटिंग वाहन स्वामी जी महाराज के वाहन से लगभग 500 मीटर की दूरी पर चल रहा था। इस स्थिति को सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों का तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण कराने तथा उनकी भूमिका की विभागीय जांच किए जाने की मांग की गई है।
15 दिनों के भीतर दूसरी सुरक्षा संबंधी घटना
आवेदन में 7 नवंबर 2026 की पूर्व घटना का भी उल्लेख किया गया है। जानकारी के अनुसार, रात्रि लगभग 12 बजे एक अज्ञात व्यक्ति आश्रम परिसर में संदिग्ध रूप से प्रवेश कर स्वामी जी महाराज के निजी कक्ष तक पहुंच गया था। इस दौरान धार्मिक ग्रंथ एवं एक पक्षी की चोरी का मामला भी सामने आया था, जिसके संबंध में थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
लगभग 15 दिनों के अंतराल में आश्रम एवं स्वामी जी महाराज की सुरक्षा से जुड़ी दो घटनाओं तथा पुलिस पायलेटिंग व्यवस्था पर उठे सवालों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
व्यक्तिगत सुरक्षा बढ़ाने सहित छह प्रमुख मांगें
आवेदक ने पुलिस प्रशासन से काफिले पर पथराव की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर वैधानिक कार्रवाई, पायलेटिंग दल का चिकित्सकीय परीक्षण एवं विभागीय जांच, दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित संबंध की जांच तथा स्वामी जी महाराज की व्यक्तिगत सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
इसके अतिरिक्त आश्रम परिसर में नियमित रात्रिकालीन पुलिस गश्त, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और धार्मिक आयोजनों एवं आवागमन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल के साथ प्रभावी पायलेटिंग एवं एस्कॉर्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।
लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है आश्रम
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि श्री सिद्धबाबा अद्वैत परमहंस आश्रम, बेलगहना से छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। यहां नियमित रूप से श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। ऐसे में स्वामी जी महाराज की सुरक्षा केवल आश्रम तक सीमित विषय नहीं, बल्कि उनसे जुड़े असंख्य श्रद्धालुओं की आस्था एवं सुरक्षा से भी संबंधित है।
आवेदक ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीर सुरक्षा संबंधी प्रकरण मानते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने, स्वामी जी महाराज की व्यक्तिगत सुरक्षा बढ़ाने तथा आश्रम की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है। साथ ही आवेदन पर की गई कार्रवाई एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी लिखित रूप में उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
आवेदक : उमेश चंद्राकर
श्री सिद्धबाबा अद्वैत परमहंस आश्रम, बेलगहना।
