राकेश डेंगवानी/भिलाई/दुर्ग : भारतीय बधिर फुटबॉल टीम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले एकमात्र खिलाड़ी, भिलाई-3 निवासी विशाल वाधवानी ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। विशाल के शानदार खेल और निर्णायक गोलों की बदौलत भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया के चांगवॉन में आयोजित 5वीं एशिया-पैसिफिक बधिर फुटबॉल चैम्पियनशिप 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुये विश्व बधिर फुटबॉल चैम्पियनशिप के लिये क्वालीफाई कर लिया है।
चीन पर भारत की पहली ऐतिहासिक जीत में बने नायक :

टूर्नामेंट में भारत का सबसे यादगार मुकाबला चीन के खिलाफ रहा, जहाँ भारत ने 2-1 से रोमांचक जीत दर्ज की। बधिर फुटबॉल के इतिहास में चीन के विरुद्ध भारत की यह पहली जीत है। इस जीत में 25 वर्षीय लेफ्ट विंगर विशाल वाधवानी ने महत्वपूर्ण गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई। गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2011 में दोनों टीमों के बीच हुये मुकाबले में चीन ने भारत को 5-0 के बड़े अंतर से पराजित किया था। विशाल के इस गोल ने भारत को 15 साल पुरानी उस हार का हिसाब बराबर करने और इतिहास रचने का मौका दिया।
थाईलैंड के खिलाफ भी दिखाया दमखम, दक्षिण कोरिया से मिला वॉकओवर :
चीन पर ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय टीम का विजयी अभियान लगातार जारी रहा। मेजबान दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारत को वॉकओवर के माध्यम से 3-0 की जीत प्राप्त हुई। इसके पश्चात थाईलैंड के साथ हुये मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुये 7-0 से एकतरफा जीत हासिल की। इस मुकाबले में भी विशाल वाधवानी ने अपनी बेहतरीन खेल प्रतिभा का परिचय देते हुये एक और गोल दागा।
चरोदा रेल्वे मैदान से शुरू हुआ सफर, अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चमक :
विशाल वाधवानी की इस सफलता के पीछे वर्षों की कड़ी मेहनत और समर्पण छिपा है। उन्होंने वर्ष 2010 में फुटबॉल खेलना प्रारंभ किया था और चरोदा रेल्वे इंस्टीट्यूट फुटबॉल मैदान में नियमित अभ्यास कर अपने खेल कौशल को निखारा। अपनी प्रतिभा के दम पर वे पूर्व में इंदौर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन दो बार अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिये हुआ है। वर्तमान भारतीय टीम में उनका चयन बेंगलुरु के खेलगांव में आयोजित चयन शिविर के माध्यम से किया गया था।
परिवार और सिंधी समाज में हर्ष और गौरव का माहौल :

विशाल, भिलाई-3 निवासी गुरुमुखदास वाधवानी और दया वाधवानी के सुपुत्र हैं। सीमित संसाधनों और शारीरिक चुनौतियों को पार कर विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले विशाल की इस अभूतपूर्व उपलब्धि से पूरे भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है। उनके माता-पिता सहित समस्त परिजनों, स्थानीय खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और सिंधी समाज के लोगों ने इस गौरवपूर्ण क्षण पर अपार हर्ष व्यक्त करते हुये उन्हें आगामी मुकाबलों के लिये शुभकामनायें दी हैं। वहीँ इस उपलब्धि पर सिन्धी समाज के प्रमुखों ने परिवार को अपनी शुभकामनायें भी प्रेषित की है।
फोटो कैप्शन : दक्षिण कोरिया में आयोजित एशिया-पैसिफिक बधिर फुटबॉल चैम्पियनशिप में चीन और थाईलैंड के खिलाफ गोल कर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाने वाले भिलाई-3 के खिलाड़ी विशाल वाधवानी।
