बीजापुर : नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त क्षेत्रों में विकास और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के दावों के बीच बीजापुर जिला मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर दूर वेरुदी नदी पार बसे 25 गांव आज भी पुल के अभाव में परेशान हैं। बैलाडीला की पहाड़ियों से निकलने वाली वेरुदी नदी इन गांवों के लिये आवागमन की बड़ी बाधा बनी हुई है। ग्रामीण पिछले कई वर्षों से नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई है।
25 गांवों के लिये वेरुदी नदी बनी विकास में बाधा :

बीजापुर जिला मुख्यालय से लगभग 17 किलोमीटर दूर स्थित कोटेर गांव सहित वेरुदी नदी पार के करीब 25 गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं और विकास की मुख्यधारा से दूर हैं। कोटेर ग्राम पंचायत रेड्डी का आश्रित गांव है। नदी के दूसरी ओर बसे इन गांवों के ग्रामीणों की निर्भरता जिला मुख्यालय बीजापुर और नदी के इस पार लगने वाले साप्ताहिक बाजारों पर है। लेकिन वेरुदी नदी पर पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
प्रशासनिक अनदेखी के चलते इन गांवों में मूलभूत अधोसंरचना का विस्तार नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शासन-प्रशासन की ओर से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क और पुल-पुलियों के जाल बिछाने की बातें तो की जाती हैं, परंतु धरातल पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। स्थानीय निवासी रोजमर्रा की जरूरतों, शिक्षा, स्वास्थ्य और राशन जैसी बुनियादी आवश्यकताओं के लिये भी नदी पार करने को मजबूर हैं।
हर साल श्रमदान से बनाते हैं अस्थायी पुल :

वेरुदी नदी पर स्थायी पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण कई बार कलेक्टर, विभागीय अधिकारियों और जिले के प्रभारी मंत्री तक आवेदन दे चुके हैं। इसके बावजूद अब तक पुल निर्माण की स्वीकृति नहीं मिल पाई है। सरकारी स्तर पर समाधान नहीं होने के चलते ग्रामीण हर साल खुद श्रमदान कर नदी पर अस्थायी पुल बनाते हैं। इसके लिये ग्रामीण अपने ट्रैक्टर और अन्य वाहनों की मदद से नदी में रास्ता तैयार करते हैं, ताकि किसानों का धान मंडियों तक पहुंच सके और क्षेत्र में उत्पादित वनोपज एवं सब्जियों को बाजार में बेचने के लिये ले जाया जा सके।
बरसात का मौसम समाप्त होते ही नदी का जलस्तर कम होने पर पूरे गांव की बैठक होती है और आपसी सहयोग से श्रमदान की रूपरेखा तय की जाती है। ग्रामीण अपने निजी संसाधनों, पत्थरों, लकड़ियों और मिट्टी के माध्यम से नदी के बहाव को नियंत्रित कर आवागमन योग्य मार्ग बनाते हैं। यदि यह अस्थायी व्यवस्था न की जाये, तो किसानों की साल भर की मेहनत से उगाई गई फसल और वनोपज गांव में ही सड़ने की नौबत आ जायेगी।
6 महीने तक टापू बन जाते हैं गांव :
ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश के दौरान वेरुदी नदी उफान पर आ जाती है, जिससे नदी पार बसे करीब 25 गांवों का संपर्क लगभग छह महीने तक मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों से कट जाता है। इस दौरान बच्चों का स्कूल पहुंचना मुश्किल हो जाता है। स्वास्थ्य सुविधाएं भी गांवों तक नहीं पहुंच पातीं और ग्रामीण जरूरी कामों के लिये जिला मुख्यालय नहीं जा पाते। बेहद जरूरी होने पर लोग ट्यूब के सहारे नदी पार कर आवाजाही करते हैं।
मानसून के महीनों में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर रूप से बीमार मरीजों की स्थिति सबसे अधिक दयनीय हो जाती है। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के अभाव में कई बार ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर उफनती नदी पार करनी पड़ती है। वहीं, स्कूली छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी महीनों तक बाधित रहती है, जिससे क्षेत्र के शैक्षणिक स्तर पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
तीन दिन के श्रमदान से तैयार किया पुल :
इस साल भी स्थायी पुल की मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने लगातार तीन दिनों तक श्रमदान कर नदी पर अस्थायी पुल तैयार किया है। ग्रामीणों ने INH 24 की टीम को फोन कर इसकी जानकारी दी और बताया कि वे अपनी समस्या सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि बड़ी संख्या में ग्रामीण मिलकर पुल निर्माण में जुटे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह अस्थायी पुल उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों का सामान जुटाने, साप्ताहिक बाजार पहुंचने और धान मंडियों तक उपज ले जाने में मदद करेगा।
इस श्रमदान अभियान में गांव के युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। फावड़ा, गैंती और ट्रैक्टरों की सहायता से ग्रामीणों ने दिन-रात एक कर नदी के पाट को पाटा और वाहनों के गुजरने लायक मार्ग बनाया। ग्रामीणों का मानना है कि अपनी पीड़ा को मीडिया के माध्यम से सामने लाकर वे सोये हुए प्रशासन को जगाने का प्रयास कर रहे हैं।
पुल नहीं बना तो चुनाव बहिष्कार की चेतावनी :
ग्रामीणों ने सरकार से वेरुदी नदी पर स्थायी पुल निर्माण की मांग को गंभीरता से लेने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि इस साल पुल निर्माण को स्वीकृति नहीं मिली और उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आने वाले सभी चुनावों का बहिष्कार करेंगे। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि चुनाव बहिष्कार का फैसला किसी एक राजनीतिक दल या सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि वर्षों से उपेक्षित उनकी मांग को लेकर होगा।
ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि हर चुनाव के समय जनप्रतिनिधि गांव में आकर पुल निर्माण का आश्वासन देते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद कोई भी उनकी सुध लेने वापस नहीं आता। अब क्षेत्रवासियों के सब्र का बांध टूट चुका है और उन्होंने सामूहिक रूप से यह निर्णय लिया है कि जब तक वेरुदी नदी पर स्थायी पुल का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो जाता, तब तक वे किसी भी प्रकार के मतदान प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लेंगे।
