भाटापारा : रेल्वे में बिना टिकट और अनियमित तरीके से यात्रा करने वालों के खिलाफ दक्षिण पूर्व मध्य रेल्वे रायपुर मंडल ने कड़ी सख्ती दिखाई है। भाटापारा रेल्वे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट चेकिंग और रायपुर स्टेशन पर नाका चेकिंग अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के दौरान 16 ट्रेनों और दोनों प्रमुख स्टेशनों पर सघन जांच कर कुल 325 मामले पकड़े गये। रेल्वे प्रशासन ने इन मामलों में नियम तोड़ने वाले यात्रियों से कुल 2 लाख 92 हजार 40 रुपये का राजस्व प्राप्त किया है।
16 ट्रेनों और दोनों स्टेशनों पर चला सघन जांच अभियान :

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर चलाये गये इस व्यापक अभियान के दौरान भाटापारा और रायपुर स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म सहित गुजरने वाली 16 यात्री ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई। टिकट नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों की पहचान कर उनके खिलाफ रेल्वे अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्यवाही की गई। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर प्रभावी रोक लगाने के साथ-साथ आम यात्रियों को वैध टिकट लेकर सफर करने के प्रति जागरूक करना था।
बिना टिकट यात्रा करने वाले 207 यात्री पकड़े गये :
सघन जांच अभियान के दौरान पूरी तरह बिना टिकट यात्रा करते हुए 207 यात्री पकड़े गये। इन यात्रियों से रेल्वे टीम ने 2 लाख 14 हजार 635 रुपये का भारी जुर्माना वसूला। वहीं, अनियमित टिकट लेकर या निम्न श्रेणी के टिकट पर उच्च श्रेणी में यात्रा करने वाले 102 यात्रियों के खिलाफ कार्यवाही की गई, जिनसे 74 हजार 800 रुपये वसूले गये। इसके अलावा निर्धारित सीमा से अधिक लगेज (सामान) लेकर यात्रा करने वाले 15 यात्रियों से 2 हजार 170 रुपये तथा अन्य एक मामले में 435 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इस तरह अभियान के दौरान कुल 325 मामलों में कार्यवाही करते हुए रेल्वे को 2 लाख 92 हजार 40 रुपये की आय हुई।
325 मामले सामने आने से टिकट नियमों के पालन पर उठे सवाल :

दो महत्वपूर्ण स्टेशनों और 16 ट्रेनों में एक ही दिन की जांच के दौरान 325 मामले सामने आने से यात्रियों द्वारा टिकट नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। रेल्वे की नियमित जांच के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में बिना टिकट और अनियमित यात्रा के मामले सामने आना यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की सख्त जरूरत को दर्शाता है। रेल्वे प्रशासन का कहना है कि ऐसे सख्त अभियान यात्रियों को उचित टिकट लेकर सम्मानजनक यात्रा करने के लिये प्रेरित करने और रेल नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार चलाये जा रहे हैं।
20 टिकट चेकिंग कर्मचारियों की टीम ने संभाली जिम्मेदारी :
इस सफल और व्यापक अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक-1 (कोचिंग) राजेश कुमार साह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक टिकट चेकिंग और 20 टिकट चेकिंग कर्मचारी शामिल रहे। पूरी टीम ने दोनों स्टेशनों के प्रवेश व निकास द्वारों सहित ट्रेनों के भीतर सघन जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर त्वरित कार्यवाही की।
रेल्वे ने यात्रियों से की नियमों के पालन की अपील :
रेल प्रशासन ने समस्त यात्रियों से विनम्र अपील की है कि वे अपनी यात्रा प्रारंभ करने से पहले काउंटर या ऑनलाईन माध्यम से उचित टिकट अवश्य खरीदें और स्टेशन परिसर में प्रवेश करने से पहले प्लेटफॉर्म टिकट जरूर लें। यात्रियों को उनके टिकट के अनुसार निर्धारित श्रेणी के कोच में ही सफर करने, अधिक लगेज होने पर पार्सल कार्यालय से नियमानुसार बुकिंग कराने और रेल परिसर व ट्रेनों को स्वच्छ रखने में अपना सक्रिय सहयोग देने की सलाह दी गई है। रेल्वे के वाणिज्य विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसे औचक टिकट जांच अभियान समय-समय पर निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।
