बिलासपुर :- शिव अवतारी सतगुरूओं की संत परंपरा का भारतीय सनातन संस्कृति और सभ्यता का विश्व विख्यात केंद्र पूज्य शदाणी दरबार तीर्थ में 1, 2 एवं 3 जुलाई 2025 को, पंचम ज्योति परम पूज्य माता साहिब जी का 199 वां अवतरण महोत्सव (जन्मोत्सव) बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं एवं भक्तों के कल्याणार्थ दरबार तीर्थ के नवम् वर्तमान पीठाधीश्वर संत डॉक्टर युधिष्ठिरलाल जी के मार्गदर्शन एवं सानिध्य में प्रति वर्ष अनुसार इस वर्ष भी यह महोत्सव बड़ी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
दरबार तीर्थ के सचिव श्री उदय शदाणी जी ने बताया कि इस शुभ अवसर पर सनातन धर्म की पवित्र नगरी काशी से स्वामी योगेश्वरानंद जी श्रीमद्भगवत गीता पर अपना महत्वपूर्ण सारगर्भित प्रवचन, श्रद्धालुओं के कल्याणार्थ प्रतिदिन संध्या 05 से 08 बजे तक देंगे। मंगलवार 01 जुलाई को कार्यक्रम का शुभारंभ गौरी गणेश पूजन, कलश पूजन, देव पूजन, गुरू पूजन एवं ज्योत प्रज्वलन के साथ ही सनातन के आधार पवित्र ग्रंथों श्रीमद् भागवत गीता एवं श्री रामायण के पाठ आरंभ के साथ होगा।
प्रतिदिन आशा दीवार, भजन कीर्तन, श्रीमद् भागवत गीता पर प्रवचन की ज्ञान गंगा और भंडारा सतत जारी रहेगा। तृतीय दिवस 03 जुलाई 2025 को गुप्त नवरात्रि की अष्टमी के अवसर पर परम पूज्य माता साहिब जी के 199 वाँ जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष कार्यक्रम जिसमें संत महात्मा एवं विशिष्ट अतिथि, राजनीति व समाज के अग्रजनों की उपस्थिति में आयोजन की पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारा होगा।