सरगुजा/लखनपुर
लखनपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पतराटोली सलका में महिलाएं नहानि घर (स्नान घर) जैसी बुनियादी सुविधा से भी वंचित हैं। गांव के अधिकांश हैंडपंप खराब पड़े हैं, जिससे पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। इससे ग्रामीणों खासकर महिलाओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से शासन द्वारा लाखों रुपये विकास कार्यों के लिए जारी किए जाते हैं, परंतु धरातल पर कोई भी ठोस कार्य नज़र नहीं आता। न तो नहानि घर का निर्माण हुआ है, न हैंडपंप की मरम्मत। ऐसे में सवाल उठता है – शासन की योजनाओं का लाभ आखिर कौन ले रहा है?
प्रशासन की चुप्पी, कलेक्टर की निरीक्षण में कमी
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सरगुजा कलेक्टर कार्यालय द्वारा कभी भी औचक निरीक्षण नहीं किया गया कि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ मिल भी रहा है या नहीं। ग्रामीणों का कहना है कि जब भी शिकायत की जाती है, सुनवाई तो होती है, लेकिन कार्य नहीं।
“हमारी बहन-बेटियां खुले में स्नान करने को मजबूर हैं, न कोई सुविधा, न पानी… शासन का पैसा आखिर जाता कहां है?” — स्थानीय महिला, ग्राम पतराटोली सलका
दुरुपयोग की आशंका, कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि पंचायत में आई राशि का सही उपयोग नहीं किया गया है और यह प्रशासनिक लापरवाही या भ्रष्टाचार का मामला हो सकता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि:
पंचायत में विकास योजनाओं की जांच और ऑडिट कराई जाए
खराब हैंडपंपों की मरम्मत तत्काल करवाई जाए
नहानि घर का निर्माण प्राथमिकता पर हो
दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो
यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय घेराव और जन आंदोलन की चेतावनी दी है।