रीवा (अखंड सत्ता)।
रीवा जिले के नए पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने आज पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में कानून व्यवस्था कायम रखना, असामाजिक तत्वों और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करना तथा अवैध नशे पर लगाम लगाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
एसपी चौहान ने बताया कि वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और इससे पहले ग्वालियर, भिंड, मुरैना, भोपाल, दतिया एवं खरगोन सहित कई जिलों में पदस्थ रह चुके हैं।
नशे को करेंगे जड़ से खत्म
उन्होंने कहा कि रीवा में मेडिकल नशे को पूरी तरह से जड़ से खत्म करने के प्रयास किए जाएंगे। नशा न केवल अपराध बल्कि समाज में अन्य कई समस्याओं को जन्म देता है। पुलिस को सूचना मिलने पर गोपनीयता रखते हुए तत्काल दबिश दी जाएगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना स्तर पर समस्याओं का समाधान
एसपी चौहान ने कहा कि फरियादियों की समस्याओं का समाधान थाना स्तर पर ही प्राथमिकता से किया जाएगा ताकि उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों के पास भटकना न पड़े।
यातायात व्यवस्था होगी बेहतर
उन्होंने यातायात व्यवस्था को लेकर भी बड़ा बयान दिया। एसपी ने कहा कि शहर में भीड़भाड़ वाले प्वाइंट्स को चिन्हित कर जाम की समस्या का समाधान किया जाएगा ताकि लोगों को परेशानी न हो और आवागमन सुचारु बना रहे।