कोरबा :- श्री प्रेम प्रकाश आश्रम चेरिटेबल ट्रस्ट जयपुर (राजस्थान) के राष्ट्रीय मंडलाध्यक्ष सद्गुरु स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज का कोरबा मंगल आगमन श्री प्रेम प्रकाश आश्रम चेरिटेबल ट्रस्ट कोरबा शाखा के 54 वें वार्षिकोत्सव एवं सद्गुरु स्वामी सर्वानंद महाराज के 129 वें जन्मोत्सव के अवसर पर होने जा रहा है।
श्री प्रेम प्रकाश आश्रम कोरबा में प्रति वर्ष स्वामी जी के सानिध्य में मनाया जाने वाले इस 05 दिवसीय वार्षिकोत्सव की पावन शुरुआत इस वर्ष 01 अक्टूबर से प्रातः 9 बजे से “श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ” के श्री पाठ साहेब के आरंभ से होगी। जिसके पश्चात 01 से 03 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 10 बजे व संध्या 5 बजे से 07 बजे तक भजन सत्संग व आरती की जायेगी।
शनिवार दिनांक 04 अक्टूबर को दोपहर सद्गुरु स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज एवं उनकी भजन मंडली का कोरबा की पावन धरा पर आगमन होगा, जिनका भव्य स्वागत पूज्य सिंधी पंचायत एवं प्रेम प्रकाश सेवा समिति कोरबा की अगुवाई में नगर के समस्त धर्म प्रेमियों द्वारा श्री सत्यदेव मंदिर परिसर में किया जायेगा। तत्पश्चात वहां से एक विशाल शोभायात्रा के साथ स्वामी जी एवं मंडली को ससम्मान हेमू कालाणी नगर, रानी रोड स्थित श्री प्रेम प्रकाश आश्रम ले जाया जायेगा। जहां क्षणिक विश्राम के बाद स्थानीय सिन्धु भवन में संध्या 05 से 7.30 संगत को स्वामी जी अपने मुखारविंद से दिव्य सत्संग का रसपान करायेंगे। जिसके पश्चात आम भंडारे का आयोजन होगा।

दिनांक 05 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे से स्वामी जी की अगुवाई में सत्संग,हवन -पूजन, ध्वजारोहण के साथ पाठ “श्री साहेब” का समापन संपन्न होगा, जिसके पश्चात सिन्धु भवन में विशाल आम भंडारे का आयोजन होगा। पुनः संध्या 5 बजे से 7.30 बजे तक स्वामी जी द्वारा सत्संग भजन के बाद मंगल आरती, अरदास के बाद “पल्लव”(विश्व कल्याण की प्रार्थना) के साथ वार्षिक मेले का समापन संपन्न कराया जायेगा।
श्री प्रेम प्रकाश आश्रम सेवा समिति कोरबा ने नगर के सजातीय बंधुओं व समस्त सनातन धर्म प्रेमियों से अपील की है कि ट्रस्ट द्वारा आयोजित समस्त कार्यक्रमों में उपस्थित होकर स्वामी जी के सत्संग भजन व दर्शनों का लाभ लेकर अपना जीवन सफल बनावें।