सतना शहर की बढ़ती यातायात समस्या, जनसंख्या घनत्व और विकेंद्रीकरण की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सतना स्मार्ट सिटी फंड से निर्मित नए अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) से बसों का संचालन शुरू हो गया है। यह आधुनिक बस टर्मिनल शहर के भविष्य के विकास और मजबूत परिवहन व्यवस्था के अनुरूप तैयार किया गया है।नए ISBT में 46 बस बे एक साथ संचालित करने की क्षमता है, साथ ही 60 से अधिक बसों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है। यात्रियों की सुविधा के लिए बैठक व्यवस्था, प्रतीक्षालय, पूछताछ कक्ष, पेयजल, शौचालय, सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रीट लाइट और वाहन पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रदान की गई हैं।टर्मिनल में 46 दुकानें और 20 कमर्शियल स्पेस बनाए गए हैं, जहां व्यापारी अपना व्यवसाय संचालित कर सकेंगे।
भूतल और प्रथम तल पर दो कैंटीन, महिला एवं पुरुषों के लिए दो-दो डॉरमेट्री, एक महिला आंचल कक्ष तथा तीन वेटिंग रूम जैसी अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो पुराने बस स्टैंड में नहीं थीं।यात्रियों को बस स्टैंड से शहर में आसान आवागमन के लिए सिटी बस सेवा में वृद्धि और ऑटो किराया निर्धारण हेतु जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
कलेक्टर श्री डॉ. सतीश कुमार एस ने ISBT के सुचारु क्रियान्वयन और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए एक समिति गठित की है। इस समिति में SDM राहुल शिलाडिया, ARTO संजय श्रीवास्तव, DSP ट्रैफिक संजय खरे और उपायुक्त नगर निगम सत्यम मिश्रा शामिल हैं।