बिलासपुर, 17 फरवरी 2026। शहर के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर मंगलवार रात करीब 9 बजे अज्ञात बदमाशों ने संतोष तिवारी पर ईंट और हथौड़ी से जानलेवा हमला कर उनकी कार लूट ली। गंभीर रूप से घायल संतोष तिवारी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार संतोष तिवारी अपनी मेहरून रंग की Renault कंपनी की कार क्रमांक CG-10-AH-7707 से जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और ईंट एवं हथौड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी उनकी कार लूटकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कार में सोने-चांदी के कीमती आभूषण भी रखे हुए थे।

घटना के बाद मौके से आरोपियों द्वारा छोड़ी गई Passion Pro मोटरसाइकिल क्रमांक CG-10-P-0331 और कार क्रमांक CG-10-BJ-8147 पुलिस ने बरामद की है। साथ ही घटनास्थल से एक मैगजीन और कुछ जिंदा कारतूस भी मिले हैं, जिन्हें चलाया नहीं गया था। इस घटना से वारदात की गंभीरता और बदमाशों के खतरनाक इरादों का अंदाजा लगाया जा रहा है।
गंभीर रूप से घायल संतोष तिवारी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस सनसनीखेज लूटकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।