………………………….
बिलासपुर :- अखिल विश्व गायत्री परिवार व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और समाज निर्माण के उद्देश्यों को लेकर रचनात्मक एवं सुधारात्मक जन जागरूकता अभियान चलाते हुए धर्म तंत्र से लोक शिक्षण का कार्य करता है।
गायत्री परिवार के मीडिया प्रभारी श्री द्वारिका प्रसाद पटेल ने बताया कि विभिन्न पर्वों पर उसकी वैज्ञानिक महत्ता एवं प्रेरणा को प्रतिपादित करने के लिए कुरीति उन्मूलन हेतु जन जागरुकता अभियान चलाता है। शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा निर्देशित किया गया है कि होली पर्व समता का पर्व है, इसके महात्म्य बोध के अंतर्गत बताया गया है कि इस यज्ञीय पर्व को छोटे – बड़े का भेद भुलाकर जन मानस एकाकार होकर प्रेम और सद्भाव के रूप में व्यसन मुक्त आदर्श होली मनाएं , इसमें अश्लील साहित्य, चित्र व वस्त्र आदि
को होली में आहुति देकर समर्पित करें और सदैव के लिए सत्य सनातन भारतीय संस्कृति की महत्ता स्वीकार कर, प्रेरणा लेकर अच्छाई ग्रहण करें। अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के अनुसार
होली पर्व में दुष्ट जनों के अन्याय और अत्याचार से पीड़ित व्यक्तियों की रक्षा हेतु और दुर्बल, साधनहीन आदर्शवादियों के समर्थक, सर्व समर्थ-संपन्न, अनाचारियों के काल भगवान नृसिंह की चेतना का अवतरण करने के लिए ” ॐ नृसिंहाय विद्महे, वज्रनखाय धीमहि। तन्नो नृसिंहः प्रचोदयात ” मंत्र से आहुतियाँ समर्पित करें। तत्पश्चात मातृभूमि पूजन और लिंगभेद, जातिभेद व अर्थभेद मिटाने के लिए त्रिधासमता देवी पूजन , नवान्न यज्ञ, रज-धारण तथा अपने दुष्कर्मों के लिए क्षमा माँगना, भविष्य में ऐसा ना करने का व्रत लेना, भूलों पर पश्चाताप करना, अपने दोष दुर्गुणों को कागज की पर्चियों पर लिखकर होली के समय दोष दहन क्रम में यज्ञाग्नि में समर्पित कर विधिवत आहुतियाँ समर्पित करते हुए यज्ञीय वातावरण में आदर्श होली मनाया जाना चाहिए। उपर्युक्त उल्लेखित इन्हीं संदेशों को लेकर व्यसन मुक्त आदर्श होली मनाने के लिए जन जागरुकता अभियान
रैली गायत्री शक्तिपीठ बिनोबानगर से निकाली गई, जो विद्यानगर शिव मंदिर होते हुए वार्ड क्र. 27 के गलियों में सन्देश देते हुए वापसी शक्तिपीठ आकर रैली का समापन किया गया। रैली के आयोजन में मुख्य प्रबंध ट्रस्टी श्री हेमराज वैश्य सहित सभी ट्रस्टीगण, जिला समन्वयक श्रीमती नंदिनी पाटनवार सहित जिला समन्वय समिति सदस्यगण,
जिला महिला प्रभारी श्रीमती आशा सुलतानिया,
दिया ग्रुप के सभी सदस्य और सक्रिय सदस्य सम्मिलित हुए।