रीवा नगर में प्रभु श्रीराम के पावन जन्मोत्सव को भव्य और दिव्य स्वरूप प्रदान करने हेतु श्री राम नवमी उत्सव समिति की महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय स्टार होटल में संपन्न हुई। बैठक में विश्व हिंदू परिषद के संगठन मंत्री श्री अवधेश सिंह जी, विभाग मंत्री विश्वनाथ खारोल बाबा कोषाध्यक्ष श्री हरीश ढींगरा जी एवं नगर अध्यक्ष श्री अमित डिगवानी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।


बैठक के दौरान इस वर्ष की नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की गई। समिति ने सर्वसम्मति से संरक्षक के रूप में श्री सुनील सिंह जी (जिला अध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद रीवा) को दायित्व सौंपा। मार्गदर्शक के रूप में श्री प्रकाश गुप्ता ‘केसरिया’ जी, अध्यक्ष पद पर श्री नरेश काली जी, सचिव के रूप में श्री दिव्यांशु गौतम जी तथा कोषाध्यक्ष के रूप में श्री अशोक मिश्रा जी का चयन किया गया।
इसी प्रकार महिला प्रमुख के रूप में श्रीमती नीलिमा सिंह जी, युवा प्रमुख के रूप में श्री विपिन मिश्रा जी तथा प्रचार-प्रसार प्रभारी के रूप में श्री अंशुमान गुप्ता जी को जिम्मेदारी सौंपी गई। उपस्थित जनों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आगामी आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
अध्यक्ष श्री नरेश काली जी ने अपने वक्तव्य में कहा कि विगत वर्षों से रीवा नगर में निकलने वाली श्री राम नवमी की भव्य शोभायात्रा को इस वर्ष और अधिक व्यापक, भावपूर्ण एवं अनुशासित स्वरूप दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक रामभक्त इसमें सहभागी बन सकें।
सचिव श्री दिव्यांशु गौतम जी ने बताया कि समिति का लक्ष्य है कि श्री राम नवमी शोभायात्रा की सूचना नगर के प्रत्येक घर तक पहुंचे। इसके लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिससे हर नागरिक इस पावन आयोजन का हिस्सा बन सके।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि श्रीराम जन्मोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और श्रद्धा का महापर्व है। इस वर्ष आयोजन को भव्यता, अनुशासन और जनसहभागिता के नए आयामों के साथ संपन्न किया जाएगा।
सुमित मांजवानी
जिला सहसंयोजक
प्रचार प्रसार प्रमुख
वि,हि,प, रीवा