बिलासपुर। सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में पट्टा वितरण को लेकर लंबे समय से लंबित मामला अब आक्रोश का रूप लेता जा रहा है। स्थानीय निवासियों एवं जनजागरण समिति ने प्रशासन से शीघ्र पट्टा वितरण करने की मांग उठाई है।
समिति के अनुसार कई वर्षों बीत जाने के बावजूद अनेक परिवारों को अब तक भूमि का पट्टा नहीं मिल पाया है। बताया गया कि कुछ पीड़ितों का निधन भी हो चुका है, लेकिन उन्हें जीवनकाल में पट्टा नहीं मिल सका, जिससे परिवारों में गहरी नाराजगी है।
जनजागरण समिति ने आरोप लगाया कि इस गंभीर मुद्दे पर वार्ड पार्षद द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की गई। पार्षद के राजनीतिक रुख को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं, जिसमें कहा गया कि कभी निर्दलीय, कभी कांग्रेस और वर्तमान में भाजपा से जुड़े होने के बावजूद क्षेत्र की इस मूलभूत समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया।

आसन दास हिंदुजा, मोहन मदवानी, हिंदराज केमरानी, नारायण मेहरचंदानी एवं हरीश गंगवानी (स्टांप वेंडर) ने पूर्व में उनके प्रयासों से और तत्कालीन विधायक बी.आर. यादव के सहयोग से कुछ लोगों को पट्टा दिलाया गया था, लेकिन अभी भी कई परिवार इस अधिकार से वंचित हैं।
जनजागरण समिति ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र पट्टा वितरण नहीं किया गया, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे। फिलहाल प्रशासन से सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई जा रही है।
