बिलासपुर ज़ोन के महाप्रबंधक महोदय के बिल्हा स्टेशन आगमन एवं निरीक्षण के दौरान उनसे सौजन्य भेंट कर बिल्हा विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित एवं रेल सुविधाओं के महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांगों एवं यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अनेक आवश्यक विषय प्रमुखता से उनके समक्ष रखे गए।
इस अवसर पर बिल्हा (BYL) रेलवे स्टेशन में यात्रियों की निरंतर बढ़ती संख्या को देखते हुए नवीन फुट ओवर ब्रिज निर्माण तथा निर्माणाधीन अंडर ब्रिज कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की गई। साथ ही दाधापारा–परसदा रेलवे क्रॉसिंग पर अंडर ब्रिज निर्माण की आवश्यकता से भी अवगत कराया गया, जिससे आमजन को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा प्राप्त हो सके।

इसके अतिरिक्त कोरोना काल में बंद किए गए ट्रेनों के पुनः स्टॉपेज प्रारंभ करने एवं नई ट्रेनों के ठहराव की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। जिन ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग की गई, उनमें —
- दुर्ग–अंबिकापुर एवं अंबिकापुर–दुर्ग (अंबिकापुर एक्सप्रेस)
- कोरबा–विशाखापट्टनम एवं विशाखापट्टनम–कोरबा (लिंक एक्सप्रेस)
- दुर्ग–दानापुर एवं दानापुर–दुर्ग (साउथ बिहार एक्सप्रेस)
- रायगढ़–गोंदिया एवं गोंदिया–रायगढ़ (जनशताब्दी एक्सप्रेस)
प्रमुख रूप से शामिल हैं।
साथ ही बिल्हा रेलवे साइडिंग हेतु अलग सड़क मार्ग निर्माण की मांग रखते हुए मोहभट्टा रेलवे फाटक से रेलवे साइडिंग तक नवीन मार्ग निर्माण की आवश्यकता से भी अवगत कराया गया, ताकि भारी वाहनों के कारण आमजन को होने वाली जाम, धूल एवं दुर्घटना जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।
इन रेल सुविधाओं एवं आधारभूत विकास कार्यों के विस्तार से विद्यार्थियों, व्यापारियों, किसानों एवं दैनिक यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। जनहित एवं क्षेत्रीय विकास से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों पर महाप्रबंधक महोदय द्वारा सकारात्मक पहल एवं आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन प्राप्त हुआ।
