रीवा शहर में कलेक्टर कार्यालय के सामने मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। हादसे में जैन धर्म की एक प्रतिष्ठित एवं पूजनीय महिला धर्मगुरु गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रीवा संभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। जैन धर्मगुरु के निधन की खबर फैलते ही जैन समाज सहित शहरभर में शोक की लहर दौड़ गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रीवा संभाग के कमिश्नर, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी तत्काल संजय गांधी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन से घटना की जानकारी ली तथा जैन समाज और परिजनों को सांत्वना दी।
प्रशासन की ओर से मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
