
“बिलासपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से प्रेरणा लायंस क्लब बिलासपुर द्वारा निराला नगर गार्डन में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्लब की पदाधिकारियों एवं सदस्याओं ने जामुन सहित विभिन्न फलदार, फूलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जामुन एवं अन्य औषधीय पौधे पर्यावरण को शुद्ध बनाने के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच अधिक से अधिक वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सभी नागरिकों को केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण का भी दायित्व निभाना चाहिए। कार्यक्रम में क्लब की सचिव लायन सुनीता सिंह, लायन राधा सिंह, शांति शर्मा, जया कश्यप, शांति श्रीवास, शोभा कहवाहा सहित अनेक सदस्याओं एवं स्थानीय महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वृक्षारोपण के पश्चात उपस्थित महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने तथा भावी पीढ़ी के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के संकल्प को दोहराया।
