
केरल के वायनाड जिले में कल्लाडी सुरंग परियोजना निर्माण स्थल के पास भारी बारिश के बाद भीषण लैंडस्लाइड हुआ है। मूसलाधार मानसून बारिश के कारण पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया, जिसका खौफनाक मंजर वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे कुछ ही सेकंड में मिट्टी और मलबे का तेज बहाव एक विशाल ईंधन टैंकर और अस्थाई शेड को तिनके की तरह अपने साथ बहा ले गया, जबकि वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते नजर आए। इस हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि सात लोग लापता बताए जा रहे हैं। इसके अलावा करीब 7 से 8 मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा निकाली गई निविदा में दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड ने ₹1,341 करोड़ की सबसे कम बोली लगाकर इस मुख्य सुरंग के निर्माण का मुख्य ठेका हासिल किया था।हादसे के बाद केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन और जिला प्रशासन ने बताया कि ठेकेदार कंपनी को सुरंग की खुदाई से निकली मिट्टी मलबे को वैज्ञानिक तरीके से हटाने के लिए 20 जून और 25 जून को लिखित निर्देश दिए गए थे। कंपनी द्वारा मलबे को समय पर न हटाने और लापरवाही बरतने के कारण ही भारी बारिश में यह भीषण हादसा हुआ।
