
महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाए जा रहे 6 मवेशी मुक्त, डोंगरगांव का एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरारमोहला मानपुर : जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के अंतर्गत अवैध गतिविधियों और पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय.पी. सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पीतांबर पटेल एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री ताजेश्वर दीवान के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मवेशी तस्करी के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अंबागढ़ चौकी पुलिस और पाटनखास चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने रणनीतिक घेराबंदी कर महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाए जा रहे 06 नग मवेशियों को क्रूरता के चंगुल से मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है, जबकि दो अन्य आरोपी पुलिस को देखकर भागने में सफल रहे, जिनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामले में मवेशियों और परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन सहित कुल 7.73 लाख रुपये की संपत्ति विधिवत जब्त की है।मिली जानकारी के अनुसार, थाना अंबागढ़ चौकी प्रभारी निरीक्षक श्री अश्वनी राठौर एवं पाटनखास चौकी प्रभारी उप निरीक्षक श्री सुरेंद्र नेताम के नेतृत्व में पुलिस टीम को विश्वसनीय मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन में मवेशियों को अमानवीय एवं क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरकर महाराष्ट्र स्थित कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही सतर्क हुई पुलिस टीम ने तत्काल रणनीतिक नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी देखकर वाहन चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर भागने लगे, जिस पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका पीछा किया और एक आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम रुपेश कुमार कुंजाम (उम्र 22 वर्ष), निवासी ग्राम गोटाटोला, थाना डोंगरगांव (जिला राजनांदगांव) बताया। उसने पूछताछ में फरार वाहन चालक का नाम सुनील कुमार जुरेशिया तथा मवेशियों के मालिक का नाम पंचूराम साहू, दोनों निवासी ग्राम गोटाटोला होना स्वीकार किया है।पुलिस द्वारा पकड़े गए पिकअप वाहन क्रमांक MH 27 DT 5780 की बारीकी से तलाशी लेने पर उसमें 04 नग भैंसी एवं 02 नग पड़वा (कुल 06 नग मवेशी) अत्यंत अमानवीय और क्रूरतापूर्वक भरे हुए पाए गए। सभी मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराते हुए पुलिस ने 73 हजार रुपये मूल्य के मवेशी और 7 लाख रुपये अनुमानित कीमत की पिकअप गाड़ी को विधिवत जब्त किया। मामले में गिरफ्तार आरोपी रुपेश कुमार कुंजाम के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं मोटरयान अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रकरण में फरार वाहन चालक सुनील कुमार जुरेशिया एवं पशु स्वामी पंचूराम साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस पूरी सराहनीय कार्रवाई में थाना अंबागढ़ चौकी और पाटनखास चौकी पुलिस टीम के सउनि दीपक शर्मा सहित आरक्षक क्रमांक 198, 471, 391 और 480 की विशेष और महत्वपूर्ण भूमिका रही।
