
बिलासपुर। रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण कार्य के चलते शुक्रवार सुबह से स्टेशन के गेट नंबर-4 तथा चुचुहियापारा की ओर जाने वाले मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से सड़क पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही पूरी तरह रोक दी है। इससे प्रतिदिन इस मार्ग का उपयोग करने वाले हजारों यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञात हो रेलवे स्टेशन पर लगभग 392 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास कार्य तेजी से चल रहा है।परियोजना के तहत स्टेशन के गेट नंबर-4 के सामने नई बिल्डिंग का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य के कारण सुरक्षा की दृष्टि से इस मार्ग को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। अब तक चुचुहियापारा, बुधवारी बाजार, अंडरब्रिज और हेमूनगर क्षेत्र के लोग स्टेशन के गेट नंबर-4 से सीधे प्लेटफॉर्म तक पहुंच जाते थे। मार्ग बंद होने के बाद यात्रियों को लंबा चक्कर लगाकर स्टेशन के अन्य प्रवेश द्वारों का उपयोग करना पड़ रहा है। इसका सबसे अधिक असर बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों और भारी सामान लेकर आने-जाने वाले यात्रियों पर पड़ रहा है। रेलवे प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग के रूप में बुधवारी बाजार के पीछे से आने-जाने की व्यवस्था की है, लेकिन यह रास्ता काफी जर्जर है। जगह-जगह कीचड़, गड्ढे और रेलवे पुल के नीचे जलभराव होने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वैकल्पिक मार्ग को पहले दुरुस्त किया जाना चाहिए था, ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। रेलवे अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य पूरा होने तक यह व्यवस्था जारी रहेगी। फिलहाल यात्रियों को स्टेशन आने-जाने के लिए गेट नंबर-2 और गेट नंबर-1 का उपयोग करने की सलाह दी गई है।स्थानीय नागरिकों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि निर्माण अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्ग को समतल और सुरक्षित बनाया जाए तथा यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक संकेतक और अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जाएं, जिससे आमजन को राहत मिल सके।
