
*मंत्रालय की तर्ज पर विभागाध्यक्ष कार्यालयों एवं जिला स्तर पर भी हर माह सम्मान कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश, ई-एचआरएमएस, स्पैरो एवं ई-ऑफिस में शत-प्रतिशत ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करने पर जोर*रायपुर, 27 जुलाई 2026/ मुख्य सचिव श्री विकासशील ने आज मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित मासिक सम्मान कार्यक्रम में ई-ऑफिस के माध्यम से नस्तियों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण तथा कार्यालयीन समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने वाले मंत्रालयीन अधिकारी एवं कर्मचारियों को जून माह के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।कार्यक्रम में मंत्रालय के अधिकारी-कर्मचारी, सभी विभागाध्यक्ष तथा प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने कहा कि जिस प्रकार मंत्रालय में प्रत्येक माह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाता है, उसी प्रकार विभागाध्यक्ष कार्यालयों एवं जिला स्तर पर भी नियमित रूप से ऐसे सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों एवं जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए कि ई-ऑफिस, ई-एचआरएमएस तथा कार्यालयीन उपस्थिति में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाए, जिससे कार्य संस्कृति में सकारात्मक एवं स्थायी बदलाव आए।मुख्य सचिव ने सभी विभागाध्यक्षों एवं जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वर्ष 2025-26 के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन (एसीआर) की प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूर्ण की जाए। साथ ही ई-एचआरएमएस, स्पैरो एवं ई-ऑफिस में सभी अधिकारी-कर्मचारियों की शत-प्रतिशत ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आधार-सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के माध्यम से नियमित उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी अधिकारी अथवा कर्मचारी इन डिजिटल प्रणालियों से बाहर न रहे। उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिलों में आवश्यकता आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही अगले माह से ई-ऑफिस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सर्वश्रेष्ठ विभागाध्यक्ष कार्यालय एवं सर्वश्रेष्ठ जिला कार्यालय को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।मुख्य सचिव ने बताया कि आगामी मूल्यांकन में 1 अप्रैल 2026 से 31 जुलाई 2026 तक की अवधि का संचयी (क्यूमुलेटिव) आकलन किया जाएगा। इसके लिए ई-ऑफिस एवं कार्यालयीन उपस्थिति के आधार पर मंत्रालय में स्कोरबोर्ड तैयार किया जाएगा। इसी प्रकार विभागाध्यक्ष कार्यालयों एवं जिलों की रैंकिंग भी प्रदर्शित की जाएगी, जिससे सभी अपने प्रदर्शन का आकलन कर बेहतर कार्य के लिए प्रेरित हो सकें।मुख्य सचिव ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने में ई-ऑफिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से उत्कृष्ट कार्य संस्कृति बनाए रखने का आह्वान करते हुए प्रशंसा पत्र प्राप्त करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।*विभागीय श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन*ई-ऑफिस पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विभागों में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग प्रथम, गृह विभाग द्वितीय तथा वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तृतीय स्थान पर रहा। मुख्य सचिव ने संयुक्त सचिव, उप सचिव, अवर सचिव, अनुभाग अधिकारी, सहायक अनुभाग अधिकारी, वरिष्ठ सचिवालय सहायक, कनिष्ठ सचिवालय सहायक तथा अन्य कर्मचारियों को भी ई-ऑफिस पर उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किए।संयुक्त सचिव श्रेणी में आदिम जाति विकास विभाग के श्री भूपेन्द्र कुमार राजपूत प्रथम, अनुसूचित जनजाति विकास विभाग के श्री अनुपम त्रिवेदी द्वितीय तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अतिरिक्त सचिव श्री सच्चिदानंद आलोक तृतीय स्थान पर रहे। उप सचिव श्रेणी में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के श्री दूरदेशी राम सोन्टापर प्रथम, वाणिज्यिक कर (आबकारी एवं पंजीयन) विभाग के श्री शिव कुमार सिंह द्वितीय तथा सामान्य प्रशासन विभाग-1 के श्री किशोर कुमार भूआर्य तृतीय स्थान पर रहे।अवर सचिव श्रेणी में गृह विभाग के श्री पूरन लाल साहू प्रथम, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के श्री मगन लाल पवार द्वितीय तथा विधि एवं विधायी कार्य विभाग के श्री अरुण कुमार मिश्रा तृतीय स्थान पर रहे। अनुभाग अधिकारी श्रेणी में सामान्य प्रशासन विभाग-1 के श्री नंद कुमार मेश्राम प्रथम, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के श्री शिवकुमार गोंड द्वितीय तथा लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के श्री वीरेन्द्र कुमार तृतीय स्थान पर रहे। सहायक अनुभाग अधिकारी श्रेणी में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के श्री आलोक जोशी को सम्मानित किया गयज्ञं वरिष्ठ सचिवालय सहायक श्रेणी में चिकित्सा शिक्षा विभाग की सुश्री ललिता राय को सम्मानित किया गया। कनिष्ठ सचिवालय सहायक श्रेणी में श्री उमेश यादव प्रथम, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के श्री प्रभु सिंह राठिया द्वितीय तथा अनुसूचित जनजाति विकास विभाग के श्री सतकुमार भास्कर तृतीय स्थान पर रहे। टेक्निकल सेक्शन (सचिवालय) ग्रेड-1, ग्रेड-2 एवं ग्रेड-3 कम्प्यूटर ऑपरेटर श्रेणी में श्री अभिषेक दास प्रथम, श्रीमती माया देवांगन द्वितीय तथा श्री अमित हूमाने तृतीय स्थान पर रहे।समयबद्ध कार्यालयीन उपस्थिति के लिए उप सचिव श्रीमती क्लेमेनटिना लकड़ा, अवर सचिव श्रीमती दिव्या वैष्णव, सहायक अनुभाग अधिकारी श्रीमती कांती सूर्यवंशी, सहायक अनुभाग अधिकारी श्री लोक नारायण शर्मा, वरिष्ठ सचिवालय सहायक श्री एम. पवन कुमार राव, अनुभाग अधिकारी श्रीमती मंजूषा राजपूत, अवर सचिव श्री मनोज कुमार जायसवाल, वरिष्ठ सचिवालय सहायक श्री मेलूराम ध्रुव, अवर सचिव श्री ओमप्रकाश पात्रे, सहायक अनुभाग अधिकारी सुश्री प्रिया बागड़े, अवर सचिव श्री राजीव कुमार झड़े, कनिष्ठ सचिवालय सहायक श्री राकेश सोंतयाल, स्टेनोटाइपिस्ट सुश्री राखी सिदार, अनुभाग अधिकारी श्री संदीप कुमार शेंडे, सहायक अनुभाग अधिकारी श्री संतोष महिलांग, सहायक ग्रेड-दो श्री शेषनारायण साहू, सहायक अनुभाग अधिकारी श्रीमती सुधा शेंडे, सहायक अनुभाग अधिकारी सुश्री तृप्ति ठाकुर तथा सहायक अनुभाग अधिकारी श्री उमेश कुमार ठाकरे को सम्मानित किया गया।
