रेल परियोजना की स्वीकृति के बाद पहली बार पहुंचे केंद्रीय मंत्री का जगह-जगह आत्मीय स्वागत, तखतपुर में कार्यकर्ताओं ने लड्डुओं से किया तुलादान
– सुरेश सिंह बैस
तखतपुर। कटघोरा से डोंगरगढ़ तक प्रस्तावित नई रेल लाइन परियोजना को छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के बीच बेहतर रेल संपर्क स्थापित करने के साथ ही क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति देगी। रेल लाइन परियोजना की स्वीकृति के बाद पहली बार क्षेत्र के प्रवास पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री तोखन साहू का तखतपुर विधानसभा क्षेत्र सहित सकरी, काठाकोनी, जरौंधा आदि स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने आत्मीय स्वागत किया। तखतपुर के महाराणा प्रताप चौक में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका लड्डुओं से तुलादान कर अभिनंदन किया।
8 हजार करोड़ की परियोजना, केंद्र और राज्य की बराबर भागीदारी
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री साहू ने बताया कि लगभग 8 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना में केंद्र और राज्य सरकार की महत्वपूर्ण भागीदारी है। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने से छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा और औद्योगिक, व्यापारिक तथा सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दे रही है। नई रेल परियोजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने के साथ रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
लंबे इंतजार के बाद मिली परियोजना को स्वीकृति : धर्मजीत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल परियोजना क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। उन्होंने कहा कि सांसद तोखन साहू और केंद्रीय नेतृत्व के प्रयासों से वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि परियोजना को मंजूरी दिलाने के लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार प्रयास किए गए। यह स्वीकृति क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है और आने वाले समय में इसके दूरगामी परिणाम देखने को मिलेंगे।
मंत्री का जगह-जगह हुआ स्वागत
प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री तोखन साहू का विभिन्न स्थानों पर नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग स्वागत कार्यक्रमों में शामिल हुए। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और आतिशबाजी के बीच उनका अभिनंदन किया गया। तखतपुर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद लखनलाल साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष धर्मजीत सिंह, विधायक अमर अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कटघोरा -डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। लगभग 8 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना को उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के बीच रेल संपर्क मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है।
