श्री दुर्गा माता मंदिर रायपुर में सत्संग-कीर्तन का आयोजन, भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण
रायपुर। श्रावण माह के पावन अवसर पर श्री दुर्गा माता मंदिर, लिली चौक रायपुर में विशेष सत्संग एवं कीर्तन का आयोजन किया गया। इंदौर से पधारे साद गुरमुखदास जी ने अपने सत्संग एवं भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिया और भक्तों को निहाल किया। पूरा मंदिर परिसर भगवान भोलेनाथ के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान भोलेनाथ की आराधना एवं सतगुरु अनंतपुरी गोस्वामी जी की वंदना से किया गया। इसके पश्चात भजन-कीर्तन का दौर शुरू हुआ, जिसमें श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए।
सत्संग के दौरान साद गुरमुखदास जी ने श्रावण माह की महत्ता बताते हुए कहा कि सावन का महीना सनातन धर्म को मानने वाले भक्तों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और कल्याणकारी है। मान्यता है कि इस अवधि में भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं और सृष्टि के संरक्षण की जिम्मेदारी भगवान भोलेनाथ संभालते हैं। इसी कारण श्रावण माह को भगवान शिव की आराधना, पूजा-पाठ और भक्ति के लिए विशेष माना जाता है।
उन्होंने कहा कि सावन का पूरा महीना भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने और उनकी कृपा प्राप्त करने का अवसर है। इस दौरान शिव आराधना, अभिषेक, कावड़ यात्रा एवं भक्ति साधना का विशेष महत्व है।
कार्यक्रम में प्रस्तुत भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। “सावन में चालिहा आया, बोलो जय झूलेलाल… सावन में उठाओ कावड़, बोलो जय महाकाल” जैसे भक्तिमय जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय और झूलेलालमय हो गया।
सिंधी समाज के लिए सावन माह के विशेष महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि एक ओर इस पावन माह में भगवान झूलेलाल जी का चालिहा महोत्सव चलता है, वहीं दूसरी ओर भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। श्रद्धालुओं के लिए यह दोनों इस इष्ट देव ओर आराध्य देवों की भक्ति और आशीर्वाद प्राप्त करने का विशेष अवसर है।
कार्यक्रम के अंत में भगवान भोलेनाथ की आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन को सोशल मीडिया के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे बड़ी संख्या में लोगों ने घर बैठे देखा और कार्यक्रम का आनंद लिया।
सत्संग एवं कीर्तन में शामिल होने के लिए विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
सभी के लिए आम भंडारा का भी आयोजन किया गया बड़ी संख्या में भक्त जनो ने भंडारा ग्रहण किया
आयोजन को सफल बनाने में श्री दुर्गा माता मंदिर के सभी सेवादारों का विशेष सहयोग रहा।
यह संपूर्ण धार्मिक आयोजन सतगुरु अनंतपुरी गोस्वामी जी के सानिध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की कवरेज हमर संगवारी के संपादक विजय दुसेजा द्वारा की गई।
