– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। खपरगंज में हुए विवाद और पथराव की घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। दोनों पक्षों की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर के आधार पर पुलिस ने अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
तीसरे दिन भी पुलिस बल तैनात
स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा गया है और संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है। जानकारी के अनुसार, 28 अगस्त की रात विवाद के बाद खपरगंज क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
संदिग्धों के घरों में लगातार दबिश
घटना के बाद से पुलिस की टीमें लगातार संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में बाबू नामदेव, छप्पल साहू, खपरगंज निवासी बॉक्स उर्फ जुनेद खान, मोहम्मद जाहिद खान, मनीला उर्फ अफजल गफ्फार, अज्जू खान सोल्जर सहित अन्य आरोपी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर पथराव और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संदिग्धों के घरों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी लगातार जारी है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है।
विवाद की शुरुआत कैसे हुई?
बताया गया कि 28 अगस्त की रात यदुनंदननगर गौरव कॉलोनी निवासी अभय सिंह अपने दोस्तों के साथ खपरगंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट के साथ पथराव की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
